स्पोर्ट्स

टीम की एकजुटता और ड्रेसिंग रूम का अच्छा माहौल सफलता की कुंजी, सविता पूनिया ने जीत का खोला राज

एफआईएच नेशंस कप में मिली खिताबी जीत को विश्व कप और एशियाई खेलों से पहले महत्वपूर्ण बताते हुए भारत की अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने इसका श्रेय ड्रेसिंग रूम के शानदार माहौल को देते हुए कहा कि एकजुट होकर खेलने पर यह टीम किसी से कम नहीं है।

Image

पद्म श्री सविता पूनिया। फोटो- सोशल मीडिया

नयी दिल्ली। एफआईएच नेशंस कप में मिली खिताबी जीत को विश्व कप और एशियाई खेलों से पहले महत्वपूर्ण बताते हुए भारत की अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने इसका श्रेय ड्रेसिंग रूम के शानदार माहौल को देते हुए कहा कि एकजुट होकर खेलने पर यह टीम किसी से कम नहीं है। भारत ने रविवार को ऑकलैंड में मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर एफआईएच महिला नेशंस कप खिताब जीता और एफआईएच महिला प्रो लीग में वापसी की, जिससे पिछले सत्र के खराब प्रदर्शन के बाद टीम बाहर हो गई थी।

भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली सबसे अनुभवी खिलाड़ी सविता ने आकलैंड से भाषा को दिये इंटरव्यू में कहा, 'यह जीत काफी अहम है क्योंकि अगर हमें विश्व में सर्वश्रेष्ठ टीमों के साथ खेलना है तो प्रो लीग में होना बहुत जरूरी है। इसके अलावा इस साल विश्व कप और एशियाई खेल होने हैं लिहाजा यह जीत हमारे लिये मनोबल बढ़ाने का काम करेगी।'

पूरी टीम ने मिलकर खेला

उन्होंने यह भी कहा कि एक ईकाई के रूप में खेलने पर यह टीम किसी को भी हराने का दम रखती है और सबसे सीनियर होने के नाते उनका प्रयास रहता है कि टीम एकजुट रहे। भारत लौटने के बाद मंगलवार को पद्मश्री सम्मान लेने जा रही सविता ने कहा, सबसे सीनियर और अनुभवी खिलाड़ी होने के नाते मैं हमेशा कोशिश करती हूं कि मैदान के भीतर और बाहर अपनी टीम को एकजुट रखूं । मेरा मानना है कि अगर हम एकजुट रहेंगे तो एक टीम के रूप में हम किसी से कम नहीं है।

उन्होंने कहा, 'इस टूर्नामेंट में पूरी टीम बहुत अच्छा खेली । बिछू (दूसरी गोलकीपर) और मैं मिलकर एक दूसरे को सहयोग करते हैं जो टीम के माहौल के लिये काफी जरूरी है। बिछू बहुत अच्छा खेल रही है और मैं जितना संभव हो सके, उसका मार्गदर्शन करती हूं।' तोक्यो ओलंपिक 2020 में टीम को ऐतिहासिक चौथे स्थान तक ले जाने वाले कोच शोर्ड मारिन की तारीफ करते हुए सविता ने कहा कि वह तब भी सर्वश्रेष्ठ थे और आज भी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article