स्पोर्ट्स

China Masters 2023 Final: मेडल से बस एक कदम रह गए दूर, सात्विक और चिराग को इस देश की जोड़ी से मिली हार

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Nov 26, 2023, 04:25 PM IST

China Masters 2023, Satwiksairaj Rankireddy and Chirag Shetty: भारत की बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रैंकिरेड्डी और चिराग शेट्टी को चाइना मास्टर्स 2023 के खिताबी मुकाबले में हार झेलनी पड़ी। टूर्नामेंट के फाइनल में चीनी जोड़ी ने सात्विक और चिराग की जोड़ी को तीन गेम में मात देकर खिताब पर कब्जा जमाया।

Image

चिराग और सात्विक। (फोटो- BAI Media Twitter)

Photo : Twitter

China Masters 2023, Satwiksairaj Rankireddy and Chirag Shetty: भारतीय बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रैंकिरेड्डी और चिराग शेट्टी रविवार को मेडल से चूक गए। चाइना मास्टर्स 2023 के खिताबी मुकाबले में भारतीय जोड़ी सात्विक और चिराग की जोड़ी को चीन के लियांग वेई केन और वांग चांग की जोड़ी से सामना हुआ। दोनों जोड़ियों के बीच काफी रोमांचक मुकाबला हुआ, लेकिन अंत में भारतीय जोड़ी को चीनी जोड़ी ने 19-21, 21-18, 19-21 से हराया। चीनी जोड़ी ने पिछले 10 महीने में तीसरी बार भारतीय जोड़ी को पटखनी दी।

सेमीफाइनल में सीधे गेम में जीते थे सात्विक-चिराग

सात्विक और चिराग ने सेमीफाइनल मुकाबले में चीन की जोड़ी को सीधे गेम में हराकर जीत हासिल की थी। पहले राउंड में भारतीय जोड़ी ने हे जी टिंग और रेन जियांग यू की जोड़ी को 21-15 से हराकर 1-0 से बढ़त हासिल की थी। वहीं, दूसरे राउंड में भी भारतीय जोड़ी का शानदार प्रदर्शन जारी रहा था। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने हे जी टिंग और रेन जियांग यू की जोड़ी को रोमांचक मुकाबले में 22-20 से हराया था।

भारतीय जोड़ी पर चीनी जोड़ी का पलड़ा भारी

इस मुकाबले से पहले की बात करें तो भारतीय जोड़ी सात्विक और चिराग पर चीनी जोड़ी का पलड़ा भारी रहा है। दोनों जोड़ियों अभी तक तीन बार आमने-सामने हुई हैं। इसमें चीनी खिलाड़ी ने दो बार जीत हासिल की, जबकि भारतीय जोड़ी को सिर्फ एक बार जीत मिली है।

10 महीने में चौथी बार आमने-सामने

भारत के सात्विक और चिराग की जोड़ी चीन के लियांग वेई केन और वांग चांग की जोड़ी 10 महीने में चौथी बार आमने-सामने हुई है। दोनों जोड़ियों पहली बार 14 जनवरी 2023 को मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल में आमने-सामने हुई थी। इस मुकाबले में भारतीय जोड़ी को तीन गेम में हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद दोनों जोड़ियां 16 मार्च 2023 को ऑल इंग्लैंड ओपन के प्री-क्वार्टर फाइनल में भिड़े थे। इस मुकाबले में भी भारतीय जोड़ी को तीन गेम में हार झेलनी पड़ी थी। वहीं, भारत और चीन के खिलाड़ी 22 जुलाई 2023 को तीसरी बार कोर्ट पर आमने-सामने हुए। इस मुकाबले में भारतीय जोड़ी को सीधे गेम में जीत मिली थी।

इस साल तीन बार बन चुके हैं चैम्पियन

चाइना मास्टर्स 2023 से पहले की बात करें तो सात्विकसाईराज रैंकिरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी इस साल तीन बार चैम्पियन बन चुके हैं। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने इस साल स्वीस ओपन 2023, इंडोनेशिया ओपन 2023 और कोरिया ओपन 2023 का खिताब अपने नाम कर चुके हैं। वहीं, ओवरऑल की बात करें तो भारतीय जोड़ी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर में 2018 से अभी कुल 9 बार फाइनल में पहुंचे। इसमें 7 बार चैम्पियन बने हैं और दो बार रनरअप रहना पड़ा है।

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article