स्पोर्ट्स

Indonesia Masters में खत्म हुआ लक्ष्य सेन, वीपी सिंधू और सात्विक-चिराग की जोड़ी का सफर

इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 500 टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का निराशाजनक प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। लक्ष्य सेन, वीपी सिंधू और चिराग -सात्विक की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा है।

Image

सात्विक-चिराग की जोड़ी

जकार्ता: भारत के बैडमिंटन खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय मंच पर निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा जिसमें लक्ष्य सेन तथा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार पुरुष युगल जोड़ी बृहस्पतिवार को इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में हारकर बाहर हो गए। भारत के 10वीं रैंकिंग के खिलाड़ी लक्ष्य का अंतरराष्ट्रीय सर्किट पर संघर्ष जारी रहा, उन्हें जापान के केंटा निशिमोटो से 50 मिनट में 16-21,21-12, 21-23 से पराजय मिली। इतना ही काफी नहीं था, एशियाई खेलों के चैम्पियन सात्विक और चिराग भी टूर्नामेंट से बाहर हो गये। उन्हें थाईलैंड के किटिनुपोंग केद्रेन और देचापोल पुआवारानुक्रोह की जोड़ी से 20-22, 21-23 से हार का मुंह देखना पड़ा।

ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी भी हारी

इससे पहले ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की मिश्रित युगल जोड़ी को भी दूसरे दौर में हार का मुंह देखना पड़ा। इस भारतीय जोड़ी को बढ़त बनाने के बावजूद मलेशिया के पांग रोन हू और सु यिन चेंग की जोड़ी से 21-18, 15-21, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा।

लक्ष्य सेन ने खराब शुरुआत के बाद गंवाया मैच

एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सेन ने मैच में खराब शुरुआत की और पहला गेम गंवा बैठे। उन्होंने दूसरा गेम जीत कर अच्छी वापसी की लेकिन तीसरे और निर्णायक गेम में कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बुधवार को दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और उभरते हुए पुरुष एकल खिलाड़ी प्रियांशु राजावत पहले दौर में बाहर हो गये थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article