स्पोर्ट्स

CWG 2026: भारोत्तोलक ऋषिकांत सिंह ने दिलाया भारत को पहला रजत पदक, तोड़ा राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड

भारत के ऋषिकांत सिंह चानमबम ने रविवार को 23वें राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुषों की 60 किग्रा भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। यह भारत का इस बार का पहला सिल्वर मेडल है।

Image

ऋषिकांत सिंह

ग्लासगो: भारत के ऋषिकांत सिंह चानमबम ने रविवार को 23वें राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुषों की 60 किग्रा भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। ऋषिकांत ने स्नैच में 121 किग्रा वजन उठाकर खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। हालांकि क्लीन एवं जर्क में वह केवल 143 किग्रा वजन ही उठा सके। इस तरह उन्होंने कुल 264 किग्रा भार उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया।

मलेशिया के बिन कसदान मोहम्मद अनीक ने जीता स्वर्ण

मलेशिया के बिन कसदान मोहम्मद अनीक ने कुल 273 किग्रा (121 और 152 किग्रा) वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता और खेलों का नया रिकॉर्ड भी बनाया। कीनिया के जोशुआ अमुंगा एमबोया ने कुल 260 किग्रा वजन उठाकर कांस्य पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 115 जबकि क्लीन एवं जर्क में 145 किग्रा वजन उठाया। स्नैच में ऋषिकांत ने सफलतापूर्वक 116 किग्रा वजन उठाकर शुरुआत की और फिर 119 किग्रा और आखिर में 121 किग्रा वजन उठाया। क्लीन एवं जर्क में ऋषिकांत ने पहले प्रयास में 143 किग्रा वजन सफलतापूर्वक उठाया लेकिन दूसरे प्रसास में 148 और तीसरे प्रयास में 151 किग्रा वजन उठाने में नाकाम रहे और स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए।

कौन हैं ऋषिकांत सिंह?

28 वर्षीय ऋषिकांत सिंह मणिपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने मणिपुर के खुमान लम्पक स्थित 'नेशनल स्पोर्ट्स एकेडमी' से अपने करियर की शुरुआत की। वर्तमान में वह भारतीय सेना (Indian Army) के स्पोर्ट्स विंग के तहत विश्वस्तरीय ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे हैं। पिछले साल अहमदाबाद में आयोजित कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उन्होंने करियर का सर्वश्रेष्ठ 271 किग्रा (120 किग्रा स्नैच + 151 किग्रा क्लीन एंड जर्क) प्रदर्शन किया था। राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने स्नेच राउंड में नया रिकॉर्ड बनाते हुए रजत पदक अपने नाम किया है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article