ढाका: जोमेल वारिकन और जोशुआ बिशप की शानदार गेंदबाजी से नाटकीय पतन का सामना करने वाले बांग्लादेश को उसके स्पिनरों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ बृहस्पतिवार को यहां पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन वापसी दिलाई। बांग्लादेश का स्कोर एक समय तीन विकेट पर 231 रन था लेकिन उसने 59 रन के अंदर सात विकेट गंवा दिए और उसकी टीम 272 रन पर आउट हो गई। बाएं हाथ के स्पिनर वारिकन ने 53 रन देकर पांच विकेट जबकि उनके साथी स्पिनर जोशुआ बिशप ने अपने पदार्पण मैच में 61 रन देकर दो विकेट लिए।
विंडीज ने 134 रन पर गंवाए 4 विकेट
वेस्टइंडीज ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद बांग्लादेश के स्पिनरों ताइजुल इस्लाम और मेहदी हसन ने उसे लगातार झटके दिए। वेस्टइंडीज ने सात रन के अंदर तीन विकेट गंवाए और जब खराब रोशनी और बारिश के कारण दिन का खेल निर्धारित समय से पहले समाप्त करना पड़ा तब उसने चार विकेट पर 134 रन बनाए थे। वह अभी बांग्लादेश से 138 रन पीछे है। दिन का खेल समाप्त होने के समय तेगनारायण चंद्रपॉल 43 रन और जस्टिन ग्रीव्स 15 रन बनाकर खेल रहे थे।
अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाई विंडीज की पारी
सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल ने 54 रन बनाकर टीम को शानदार शुरुआत दी। तेज गेंदबाज हसन महमूद ने सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग को 15 रन पर आउट कर दिया, लेकिन कैंपबेल और चंद्रपॉल ने दूसरे विकेट के लिए 61 रन जोड़े। यह साझेदारी टूटने के बाद वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ा गई।
शतक जड़ने के बाद पवेलियन लौटे शादमान इस्लाम
इससे पहले बांग्लादेश ने तीन विकेट पर 213 के स्कोर से अपनी पारी आगे बढ़ाई। शादमान इस्लाम ने 99 रन से आगे खेलते हुए सुबह की दूसरी गेंद पर अपना तीसरा टेस्ट शतक पूरा किया। वह हालांकि अपनी पारी लंबी नहीं खींच पाए और 105 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद बांग्लादेश की पारी समाप्त होने में ज्यादा समय नहीं लगा।
(भाषा)
