स्पोर्ट्स

फीफा विश्व कप 2026 में आकर्षण का केंद्र बना कुत्ता‘ओसितो', दो साल पहले मालिक ने किया था रेस्क्यू

फीफा विश्व कप 2026 के दौरान फुटबॉल के लोकप्रिय प्रशंसकों में एक खास कुत्ता भी शामिल हो गया है जिसका नाम है ’ओसितो’। जानिए कौन है ओसितो और क्यों लोग खिंचवा रहे हैं उसके साथ तस्वीर?

Image

ओसितो कुत्ता

Photo : AP

मेक्सिको सिटी: जैसे-जैसे मेक्सिको सिटी में फुटबॉल विश्व कप का बुखार बढ़ रहा है, टूर्नामेंट के सबसे लोकप्रिय प्रशंसकों में एक खास कुत्ता भी शामिल हो गया है जिसका नाम है ’ओसितो’। ओसितो आठ साल का मिश्रित नस्ल का कुत्ता है जो मेक्सिको के उद्घाटन मैच में अपने मालिक जॉर्ज रैंगल के साथ एक कार्गो साइकिल के पीछे बैठकर पहुंचा। उसने मेक्सिको की जर्सी, धूप का चश्मा और टोपी पहन रखी थी।

लोग जमतर लुटा रहे हैं ओसितो पर प्यार

जब हजारों प्रशंसक टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच के लिए स्टेडियम की ओर जा रहे थे तो उनमें से कई लोग ओसितो के साथ तस्वीरें खिंचवाने, उसे प्यार करने और उसके वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए रुक गए। कुछ ही घंटों में ओसितो अंतरराष्ट्रीय प्रसारणों में दिखाई देने लगा और सोशल मीडिया पर छा गया। इस तरह साइकिल की सवारी करने वाला यह कुत्ता विश्व कप का सबसे आकर्षक वायरल सितारा बन गया। इस तरह लोगों का दिल जीतने वालों की सूची में अब ’मर्लिन’ नामक बतख के साथ ओसितो भी शामिल हो गया है।

दो साल पहले मालिक ने किया था रेस्क्यू

रैंगल ने ओसितो को बचाया था और पिछले दो साल से अपने काम के दौरान हर जगह साथ लेकर जाते हैं। वह घर-घर सामान पहुंचाने का काम करते हैं। ओसितो उनकी कार्गो साइकिल के पीछे बने हिस्से में आराम से बैठता है। रैंगल कहते हैं,'वह सिर्फ मेरा कुत्ता नहीं, मेरा सबसे अच्छा साथी है।'

खुशियां बांट रहे हैं ओसितो और रैंगल

अब जबकि विश्व कप का जश्न जारी है, ओसितो के वीडियो लगातार साझा किए जा रहे हैं और उसके साथ तस्वीर खिंचवाने वालों की कतार बनी रहती है। फिर भी हर सुबह रैंगल और ओसितो अपनी साइकिल पर सवार होकर मेक्सिको सिटी की सड़कों पर निकल पड़ते हैं, जहां वे अपना काम जारी रखते हैं, लोगों से मिलते हैं और खुशी के पल बांटते हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article