स्पोर्ट्स

पाकिस्तान हॉकी विवाद और गहराया, कप्तान शकील अहमद बट पर प्रतिबंध के बाद पीएचएफ के मुखिया ने दिया इस्तीफा

पाकिस्तान का हॉकी विवाद और गहरा होता जा रहा है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन और सरकार की आलोचना के बाद टीम के कप्तान शकील अहमद ने पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके बाद पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष तारिक बुग्ती ने इस्तीफा दे दिया है।

Image

पाकिस्तान हॉकी टीम

कराची: पाकिस्तान हॉकी में चल रहा संकट गुरुवार को गहरा गया जब ऑस्ट्रेलिया दौरे की व्यवस्था में कुप्रबंधन के कारण खिलाड़ियों के सड़क पर रहने को लेकर पीएचएफ की आलोचना करने वाले कप्तान अम्माद शकील पर दो साल का प्रतिबंध लगाने के बाद महासंघ के अध्यक्ष तारिक बुगती ने पद से इस्तीफा दे दिया। बुगती ने कहा कि उन्होंने पीएचएफ के मुख्य संरक्षक प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को इस्तीफा भेज दिया है।

उन्होंने कहा,'मैंने प्रधानमंत्री को इस्तीफा भेज दिया है लेकिन उनसे और फील्ड मार्शल असीम मुनीर से ऑस्ट्रेलिया में प्रो लीग के दौरान हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह भी किया है।' उन्होंने कहा कि अध्यक्ष के रूप में उन्होंने आखिरी कार्रवाई के तौर पर राष्ट्रीय टीम के कप्तान अम्माद शकील बट पर दो साल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खेलने पर प्रतिबंध लगाया जिनकी बयानबाजी से पाकिस्तान हॉकी की छवि खराब हुई।

स्वदेश वापिस लौटने पर बट ने लाहौर में एक प्रेस कांफ्रेंस में पीएचएफ की आलोचना करके दौरे पर कुप्रबंधन के लिये उसे दोषी ठहराया। उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों को दौरे पर बर्तन भी मांजने पड़े। बट की अगुवाई में नौ खिलाड़ियों ने टीम प्रबंधन और पीएचएफ अधिकारियों को हटाने की मांग की थी। बट ने यह भी आरोप लगाया था कि पिछले एक साल से पीएसबी और पीएचएफ से अधिकांश खिलाड़ियों को दैनिक भत्ता नहीं मिला है।

विवाद की शुरूआत सोशल मीडिया पर आये एक वीडियो से हुई जिसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को उनके लगैज के साथ सिडनी की सड़कों पर खड़े दिखाया गया था। इस मामले में पाकिस्तान खेल बोर्ड और पीएचएफ एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। बुगती ने पीएसबी को कसूरवार ठहराते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सारे इंतजाम उसी ने किये थे। वहीं जब दस लाख रुपये से अधिक के चेक के बारे में पूछा गया जो पीएसबी ने दिये थे, बुगती ने कोई जवाब नहीं दिया।

पाकिस्तानी टीम के मुख्य कोच ताहिर जमां ने भी इस्तीफे की पेशकश की लेकिन कहा कि कप्तान समेत कुछ खिलाड़ी अनुशासनहीन हैं जिन्होंने दूसरे खिलाड़ियों को अपशब्द कहे जिससे प्रदर्शन पर असर पड़ा। पाकिस्तान सारे आठ मैच हारकर नौ टीमों में आखिरी स्थान पर है। अब वह विश्व कप के आखिरी क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में भाग लेने मिस्र जायेगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article