स्पोर्ट्स

भारत-पाक चैंपियंस मैच कैंसिल होने पर आया पाकिस्तान का रिएक्शन, अब लिया ये फैसला

पाकिस्तान हॉकी संघ ने एक बड़ा फैसला लिया है। उसने इस बारे में अंतरराष्ट्रीय हॉकी संघ को सूचित कर दिया है। पाकिस्तान हॉकी संघ की ओर से यह फैसला सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

Image

पाकिस्तान हॉकी टीम (साभार- Asian Hockey Federation x)

बीते रविवार को इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच मुकाबला रद्द हो गया था। दरअसल भारतीय खिलाड़ियों ने एक सुर में यह फैसला लिया था और पाकिस्तान के खिलाफ न खेलने का मन बनाते हुए आयोजकों को इस बारे में सूचित कर दिया। हालांकि, वर्ल्ड चैंपियंसशिप ऑफ लीजेंड्स में पाकिस्तान के अलावा भी 4 टीम है जिससे इंडिया लीजेंड्स की टीम खेलेगी। लेकिन इस बीच पाकिस्तान की ओर से एक फैसला लिया गया है, जिसे इस फैसले के रिएक्शन के तौर पर देखा जा रहा है। हॉकी एशिया कप 2025 जोकि इस टूर्नामेंट का 12वां एडिशन है 27 अगस्त से 7 सितंबर के बीच खेला जाएगा। इस बार यह बिहार के राजगीर में खेला जाएगा। पहली बार बिहार हॉकी एशिया कप की मेजबानी करने वाला है। इस टूर्नामेंट की विनर टीम 2026 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर जाएगी और इस कारण यह दोनों टीमों के लिए बेहद खास है।

एशिया कप में भारत नहीं भेजने का फैसला

पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) ने खेल की वैश्विक नियामक संस्था एफआईएच को सूचित किया है कि सुरक्षा चिंताओं के कारण उसके लिए अगले महीने होने वाले एशिया कप के लिए अपनी टीम को भारत भेजना मुश्किल होगा। पीएचएफ के प्रमुख तारिक बुगती ने कहा कि उन्होंने एफआईएच और एशियाई हॉकी महासंघ (AHF) को पत्र लिखकर टीम को भारत भेजने को लेकर अपने फैसले से अवगत करा दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने उन्हें सूचित किया है कि मौजूदा परिदृश्य में हमारी टीम को भारत में खेलते समय सुरक्षा संबंधी खतरों का सामना करना पड़ सकता है। हमने उन्हें बता दिया है कि हमारे खिलाड़ी एशिया कप के लिए भारत जाने के इच्छुक नहीं हैं।’’ एशिया कप विश्व कप के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी है।पीएचएफ प्रमुख ने कहा कि अब इस प्रतियोगिता और पाकिस्तान के मैचों के बारे में निर्णय लेने की जिम्मेदारी एफआईएच और एएचएफ पर है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने उनसे पूछा है कि हमें बताएं कि क्या गारंटी है कि हमारे खिलाड़ी भारत में सुरक्षित रहेंगे और टूर्नामेंट पर ध्यान केंद्रित कर पाएंगे।’’

पाकिस्तान सरकार ने अभी तक इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन हाल ही में एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा था कि टीम भारत नहीं जाएगी। यह अकेला मामला नहीं है आगामी सितंबर में होने वाले क्रिकेट एशिया कप के आयोजन पर भी संकट के बादल छाए हुए हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article