Neeraj Chopra: भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा एक बार फिर भाला थामने को तैयार हैं। टोक्यो ओलंपिक 2020 के चैंपियन और पेरिस ओलंपिक 2024 के सिल्वर मेडलिस्ट नीरज 19 जून को दोहा डायमंड लीग से प्रतिस्पर्धी एथलेटिक्स में वापसी करेंगे। 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप में आठवें स्थान पर रहने के बाद से नीरज किसी टूर्नामेंट में नहीं उतरे थे। दोहा नीरज के लिए खास जगह रही है। पिछले साल यहीं उन्होंने करियर में पहली बार 90 मीटर का बैरियर तोड़ा था। 90.23 मीटर का थ्रो फेंकने के बावजूद वो गोल्ड से चूक गए थे, क्योंकि जर्मनी के जूलियन वेबर ने आखिरी थ्रो में 91.06 मीटर फेंककर बाजी मार ली थी। इस बार नीरज उस कसर को पूरा करना चाहेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- अपने देश की क्रिकेट टीम में नहीं मिली जगह तो दूसरे देश पहुंच गया यह खिलाड़ी
स्विट्जरलैंड में कर रहे कड़ी तैयारी
28 साल के नीरज इस वक्त स्विट्जरलैंड के बियेने में 47 दिन के ऑफ-सीजन कैंप में हैं। उनके साथ फिजियो ईशान मारवाहा और कोच जय चौधरी भी मौजूद हैं। चोट से उबरने और तकनीक को धार देने पर काम चल रहा है। वर्ल्ड चैंपियनशिप की निराशा को पीछे छोड़कर नीरज पेरिस ओलंपिक जैसी लय हासिल करना चाहते हैं।
राष्ट्रमंडल खेलों में एंट्री पर सस्पेंस बरकरार
रविवार को घोषित हुई भारतीय एथलेटिक्स टीम में नीरज का नाम सशर्त शामिल किया गया है। ग्लास्गो में अगले महीने होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने के लिए उन्हें भारतीय एथलेटिक्स महासंघ का 82.61 मीटर का क्वालिफिकेशन मार्क पार करना होगा। अगर नीरज क्वालिफाई कर जाते हैं तो भारत के तीन भालाफेंक खिलाड़ी कॉमनवेल्थ में दिखेंगे। रोहित यादव और यशवीर पहले ही भारतीय एथलेटिक्स सीरीज 9 के जरिए टिकट कटा चुके हैं।
दोहा में कड़ी टक्कर
दोहा डायमंड लीग की एंट्री लिस्ट काफी मजबूत है। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वालकॉट हिस्सा लेंगे। सबसे बड़ा खतरा श्रीलंका के रूमेश तरंगा पथिरागे से होगा, जिन्होंने हाल ही में रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का सनसनीखेज थ्रो फेंका था। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 86.08 मीटर, अमेरिका के कुर्टिस थॉम्पसन 85.33 मीटर और चेक गणराज्य के याकूब वालेश 85.24 मीटर के सीजन बेस्ट के साथ उतरेंगे। हालांकि पेरिस ओलंपिक चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम का नाम इस लिस्ट में नहीं है। नीरज के लिए दोहा डायमंड लीग सिर्फ वापसी नहीं, बल्कि लय पकड़ने का मौका है। 90 मीटर क्लब में दोबारा एंट्री और कॉमनवेल्थ खेलों से पहले आत्मविश्वास बढ़ाना उनका लक्ष्य होगा। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि दोहा का मैदान एक बार फिर नीरज के नाम का शोर सुनेगा।
