स्पोर्ट्स

एशियाई खेलों का क्वालीफाइंग समय हासिल करने में नाकाम रहे राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुलवीर

उत्तर प्रदेश के इस 26 वर्षीय एथलीट ने 2022 में एशियाई खेलों में 10,000 मीटर में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने यहां 13 मिनट, 52.92 सेकंड (13:52.92) का समय निकालकर दौड़ जीती। लेकिन उनका समय भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) द्वारा एशियाई खेलों के लिए निर्धारित किए गए क्वालीफाइंग समय 13 मिनट और 39.18 सेकंड से काफी अधिक था।

Image

गुलवीर- फाइल फोटो

भुवनेश्वर, (भाषा)। मौजूदा एशियाई चैंपियन और राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुलवीर सिंह बुधवार को यहां राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेंस की 5000 मीटर दौड़ में एशियाई खेलों के क्वालीफाइंग समय को हासिल करने में नाकाम रहे। अब वह 1500 मीटर रेस में हिस्सा लेंगे।

उत्तर प्रदेश के इस 26 वर्षीय एथलीट ने 2022 में एशियाई खेलों में 10,000 मीटर में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने यहां 13 मिनट, 52.92 सेकंड (13:52.92) का समय निकालकर दौड़ जीती। लेकिन उनका समय भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) द्वारा एशियाई खेलों के लिए निर्धारित किए गए क्वालीफाइंग समय 13 मिनट और 39.18 सेकंड से काफी अधिक था।

अमेरिका में बनाया था राष्ट्रीय रिकॉर्ड

गुलवीर ने पिछले महीने अमेरिका के लॉस एंजिलिस में 13:03.93 के साथ आउटडोर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने फरवरी 2025 में 5000 मीटर की दौड़ 13 मिनट से कम समय में पूरी की थी। ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय एथलीट थे। उन्होंने तब 12 मिनट 59.77 सेकंड का समय निकालकर राष्ट्रीय और एशियाई इंडोर दोनों रिकॉर्ड बनाए थे।

32 सदस्यीय टीम में शामिल

गुलवीर को ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 32 सदस्यीय भारतीय टीम में 5000 मीटर और 10,000 मीटर दोनों स्पर्धाओं के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा, मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। मौसम थोड़ा गर्म है। इसके साथ ही यह नया ट्रैक था, जिसमें ग्रिप कम और उछाल ज्यादा है। मैंने इस तरह के ट्रैक पर दौड़ने के लिए अभ्यास नहीं किया था।

गुलवीर अब शनिवार को 1500 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगे। मेंस की 5000 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश के ही अभिषेक पाल ने 13:54.18 के समय के साथ रजत पदक जीता, जबकि पंजाब के हरमनजोत सिंह 13:54.60 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article