ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई चानू ने राष्ट्रमंडल खेलों में 48 किलोग्राम भारवर्ग में गोल्ड मेडल की हैट्रिक लगा दी है। चानू ने कुल 190 किलोग्राम (स्नैच में 85 और क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम) भार उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। मेडल की सबसे बड़ी दावेदारों में से एक चानू ने देशवासियों को निराश नहीं किया। भले ही उनका पहला प्रयास निराशाजनकर रहा, लेकिन उन्होंने स्नैच में राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड बनाते हुए अपने तीसरे प्रयास में 85 किलोग्राम का भार उठाया। चानू का पहला प्रयास फेल रहा था जबकि दूसरे प्रयास में उन्होंने आसानी से 82 किलोग्राम का वजन उठाया।
क्लीन एंड जर्क में भी उनका पहला प्रयास फेल रहा, लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने 105 किलोग्राम भार उठाकर गोल्ड मेडल पक्का कर लिया। 48 किलोग्राम भारवर्ग का सिल्वर मेडल नाइजीरिया के न्योंग रुथ एसुको (NYONG Ruth Asuquo) ने 168 किलोग्राम जबकि ब्रोंज मेडल मलेशिया के हेनरी इरेन जेन (HENRY Irene Jane) (167 किलोग्राम) ने जीता। यह राष्ट्रमंडल खेलों में उनका चौथा मेडल है। उन्होंने पहली बार 2014 में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था।
चानू ने लगाई गोल्ड की हैट्रिक
राष्ट्रमंडल खेलों में चानू ने गोल्ड मेडल की हैट्रिक लगा ली है। उन्होंने 2018 और 2022 में भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। 2018 में उन्होंने 196 किलोग्राम और 2022 में 201 किलोग्राम का भार उठाकर गोल्ड मेडल जीता था।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- वैभव का शानदार फॉर्म जारी, जड़ा टी20 करियर का दूसरा अर्धशतक
