त्योहारों के सीजन में ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिवाली और छठ जैसे त्योहारों पर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों का रुख करते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशनों पर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को राहत देने के लिए देश के कई प्रमुख स्टेशनों पर खास यात्री सुविधा केंद्र (यात्री होल्डिंग एरिया) तैयार किए जा रहे हैं। इन केंद्रों का मकसद यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले एक अलग जगह उपलब्ध कराना है, ताकि स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और आने-जाने वाले रास्तों पर भीड़ का दबाव कम किया जा सके।
क्या है यात्री सुविधा केंद्र और कैसे मिलेगी राहत?
रेलवे की ओर से बनाए जा रहे यात्री सुविधा केंद्रों में यात्रियों के बैठने, टिकट लेने और ट्रेन से जुड़ी जानकारी हासिल करने की व्यवस्था होगी। खास तौर पर उन यात्रियों के लिए ये केंद्र उपयोगी होंगे, जिनके पास टिकट नहीं है या जो ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। यात्री पहले होल्डिंग एरिया में रुक सकेंगे और जरूरत के मुताबिक टिकट लेकर तय व्यवस्था के तहत प्लेटफॉर्म की ओर जा सकेंगे। इससे प्लेटफॉर्म पर एक साथ ज्यादा यात्रियों के पहुंचने की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
उधना स्टेशन पर 10,100 वर्ग मीटर में बना होल्डिंग एरिया
गुजरात के उधना रेलवे स्टेशन पर तैयार यात्री होल्डिंग एरिया इसका बड़ा उदाहरण है। खास तौर पर त्योहारों में अपने घर जाने वाले प्रवासी यात्रियों को इससे राहत मिलेगी। यहां कुल 10,100 वर्ग मीटर में दो अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। प्री-टिकटिंग और टिकटिंग ब्लॉक 6,500 वर्ग मीटर का है, जबकि टिकट लेने के बाद यात्रियों के लिए 3,600 वर्ग मीटर का अलग ब्लॉक बनाया गया है।
इस केंद्र में 10 टिकट काउंटर, 120 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था और निगरानी के लिए 55 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा छह इलेक्ट्रॉनिक ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और वाई-फाई की सुविधा भी है। गर्मी और भीड़ से राहत देने के लिए 32 बड़े HVLS पंखे लगाए गए हैं। यात्रियों को RO का साफ पानी, चार वाटर कूलर, पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष शौचालय और महिलाओं के लिए बेबी फीडिंग रूम की सुविधा भी मिलेगी। यहां 'माय आई हेल्प यू' बूथ भी बनाया गया है।
दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन पर भी खास इंतजाम
दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल पर भी यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए यात्री सुविधा केंद्र तैयार किया गया है। यहां 14 टिकट काउंटर, 16 CCTV कैमरे, चार इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड और 20 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। इसके साथ ही पुरुष और महिलाओं के लिए अलग शौचालय, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष टॉयलेट, RO पानी और 11 बड़े पंखे लगाए गए हैं। यात्रियों को ट्रेन से जुड़ी जानकारी देने के लिए पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी उपलब्ध है।
अयोध्या और हरिद्वार में भी यात्रियों को मिलेगी राहत
उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर बनाए गए यात्री होल्डिंग एरिया में पांच टिकट काउंटर, 17 CCTV कैमरे, एक इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड और 20 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। यहां पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग शौचालय, दिव्यांग शौचालय, बेबी केयर रूम और 'माय आई हेल्प यू' बूथ बनाया गया है। इसके अलावा 44 स्पीकर के जरिए अनाउंसमेंट की व्यवस्था की गई है।
वहीं, उत्तराखंड के हरिद्वार स्टेशन पर बने यात्री सुविधा केंद्र में 20 टिकट काउंटर, 25 CCTV कैमरे और तीन इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं। यहां 21 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, 21 बड़े पंखे, वाई-फाई, RO पानी और पुरुषों-महिलाओं के लिए अलग शौचालय की सुविधा है। इस केंद्र की खास बात इसकी बनावट भी है। इसमें एल्युमिनियम शीट पर मंदिरों की आकृतियां उकेरी गई हैं, जो हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती हैं।
इन शहरों में भी बनेंगे यात्री होल्डिंग एरिया
रेलवे की योजना सिर्फ उधना, आनंद विहार, अयोध्या और हरिद्वार तक सीमित नहीं है। कई दूसरे बड़े स्टेशनों पर भी यात्री सुविधा केंद्र बनाने का काम चल रहा है।
- उज्जैन: यहां महाकालेश्वर, काल भैरव, हरसिद्धि और क्षिप्रा नदी की झलक दिखाने वाली डिजाइन तैयार की जा रही है। सभी 28 नींव का काम पूरा हो चुका है।
- भोपाल: प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 6 दोनों तरफ यात्री होल्डिंग एरिया विकसित किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म 6 की तरफ छत लगाने का काम भी पूरा हो चुका है।
- नासिक रोड: यहां 43 नींव और 562 मीटर लंबी प्लिंथ बीम का काम पूरा हो गया है।
- साबरमती: यहां 79 नींव तैयार हो चुकी हैं। निर्माण के लिए 17 पेड़ों को दूसरी जगह लगाया गया है।
- माता वैष्णो देवी कटरा: यहां 41 में से 40 नींव का काम पूरा हो चुका है।
- सीहोर: यहां सभी 36 नींव और 158 मीट्रिक टन स्टील फैब्रिकेशन का काम पूरा हो गया है।
- बांद्रा टर्मिनस: यहां यात्री सुविधा केंद्र बनाने के लिए पुरानी सामग्री हटाने, फैब्रिकेशन यार्ड और पार्किंग की जगह बदलने जैसे शुरुआती काम किए जा रहे हैं।
भीड़ नियंत्रण के साथ यात्रियों को सुविधाजनक सफर देने की तैयारी
त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर अचानक बढ़ने वाली भीड़ एक बड़ी चुनौती होती है। खासकर दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में रेलवे का यह नया इंतजाम भीड़ को व्यवस्थित करने में अहम भूमिका निभा सकता है। अलग होल्डिंग एरिया, टिकट काउंटर, CCTV निगरानी और बुनियादी सुविधाओं के जरिए रेलवे की कोशिश है कि यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ का सामना न करना पड़े और उनका सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक हो सके।
