स्पोर्ट्स

शूटिंग वर्ल्ड कप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद शूटर मनु भाकर का बड़ा बयान, कहा- अभी भी सुधार की गुंजाइश

चीन के हांगझू में ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद शूटर मनु भाकर ने अपना बयान जारी किया है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल पर मिली-जुली भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनकी कड़ी मेहनत उनके प्रदर्शन में दिख रही है, लेकिन उन्हें लगता है कि अभी भी सुधार की गुंजाइश है।

Image

ब्रॉन्ज जीतने के बाद मनु भाकर का बड़ा बयान। फोटो- साभार, भाकर एक्स हैंडल

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। चीन के हांगझू में ISSF वर्ल्ड कप (राइफल/पिस्टल/शॉटगन) में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद भारत की स्टार शूटर मनु भाकर ने मिली-जुली भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनकी कड़ी मेहनत उनके प्रदर्शन में दिख रही है, लेकिन उन्हें लगता है कि अभी भी सुधार की गुंजाइश है।

बीते सोमवार को मनु भाकर ने महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसी इवेंट में भाकर की हमवतन ईशा सिंह ने गोल्ड मेडल जीता। ओलंपिक मेडलिस्ट मनु ने इस इवेंट के बाद अपना बयान जारी किया। सोशल मीडिया पर भाकर ने लिखा कि वह मेडल जीतने से प्रेरित हैं लेकिन वह और बेहतर कर सकती थीं। उन्होंने अपनी टीम और परिवार को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

'मैं और बेहतर कर सकती थी'

भाकर ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, एक और ब्रॉन्ज। इसे लेकर मेरे मन में मिली-जुली भावनाएं हैं। मुझे खुशी है कि मैं अपने प्रदर्शन में सुधार कर पाई, लेकिन साथ ही मुझे पता है कि मैं और बेहतर कर सकती थी। मुझे इस बात की खुशी है कि कड़ी मेहनत का असर दिख रहा है। अभी भी सुधार की काफी गुंजाइश है, और यही बात मुझे प्रेरित करती है। एक बार में एक कदम। मेरी टीम, मेरे परिवार और आप सभी को अटूट प्यार और सहयोग के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद, यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।

वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन

नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) की एक प्रेस रिलीज के अनुसार, पेरिस 2024 में दो ओलंपिक मेडल जीतने वाली मनु भाकर ने कड़े मुकाबले के बीच एक अहम शूट-ऑफ जीता और 28 हिट के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। भारतीय टीम ने क्वालिफिकेशन राउंड में ही शानदार शुरुआत की। मनु भाकर ने 586-20x के बेहतरीन स्कोर के साथ क्वालिफाइंग स्टैंडिंग में टॉप किया। जबकि ईशा सिंह 585-18x के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और दोनों आसानी से आठ-शूटर के फाइनल में पहुंच गईं थी।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article
    Subscribe to our daily Newsletter!