भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने रविवार को कहा कि मैच से ठीक पहले टखने की चोट के कारण शानदार फॉर्म में चल रहे स्ट्राइकर अभिषेक का बाहर होना एक बड़ा झटका था। हालांकि, उन्होंने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज करने वाली अपनी टीम की निरंतरता की तारीफ की।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने हैट्रिक लगाई, जिससे पांच बार की चैंपियन और एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम ने अपने चौथे राउंड-रॉबिन मैच में एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता मलेशिया को 4-2 से हरा दिया। मैच के बाद फुल्टन ने कहा, "वार्म-अप के दौरान अभिषेक का चोटिल होकर बाहर हो जाना आसान नहीं था। वह पूरे मैच में नहीं खेल पाए, इसलिए हमें 15 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। बस टखने की चोट थी। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण रहा। हमने पहले हाफ में चार बेहतरीन मौके बनाए। स्कोरलाइन और बेहतर हो सकती थी। खैर, ऐसा होता है। आपको मौकों को भुनाना पड़ता है। कभी-कभी चीजें बहुत अच्छी तरह काम करती हैं, तो कभी नहीं। और आज का दिन मुश्किल था। मैं ठीक हूं, मैं खुश हूं।"
उन्होंने कहा, "एक स्ट्राइकर का बाहर होना आसान नहीं होता। आप चार स्ट्राइकरों के साथ खेलते हैं, और फिर आपका मिडफील्ड बदल जाता है। इसके अलावा, दुर्भाग्य से हमें एक येलो कार्ड भी मिल गया, जिससे विरोधी टीम को मैच में वापसी करने का मौका मिल गया।"
अभिषेक की चोट की गंभीरता के बारे में पूछे जाने पर फुल्टन ने कहा, "अभी पक्का नहीं कह सकता। हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा। इससे काफी कुछ बदल गया। मुझे नहीं पता, हमें फिजियो से बात करनी होगी। हम कल तक इंतजार करेंगे।"
फुल्टन इस बात से खुश थे कि टूर्नामेंट के दौरान टीम ने किस तरह अपनी लय (मोमेंटम) बनाई है। उन्होंने कहा, "मैं तो चाहूंगा कि हम ये मैच 7-0 से जीतें, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। फिर भी, मुझे लगता है कि हम अच्छा खेल रहे हैं। हम थोड़ा और बेहतर खेल सकते थे, पहले हाफ में कुछ और मौके भुना सकते थे और गोल का अंतर और बढ़ा सकते थे। निरंतरता बहुत मायने रखती है। हमारी लय अच्छी है और हम अच्छा खेल रहे हैं। हम आगे भी अपनी टीम में खिलाड़ियों को रोटेट करते रहेंगे।"
