महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने साहूकारों, माइक्रोफाइनेंस कंपनियों और बैंकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि सूखा प्रभावित किसी किसान ने प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमादर्ज किया जाएगा। रविवार को नांदेड़ जिले के वाडी बुद्रुक में 100 बेड वाले उप-जिला अस्पताल का उद्घाटन करते हुए शिंदे ने कहा कि सरकार कृषि संकट के इस दौर में किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
कर्ज वसूली के नाम पर उत्पीड़न करने वालों को चेतावनी
नांदेड़ में एक फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में हाल ही में एक किसान का शव मिला था। परिजनों का आरोप था कि किसान ने ₹10,000 का कर्ज लिया था, लेकिन कंपनी वसूली के लिए उनसे ₹70,000 की मांग कर रही थी। इस घटना की पृष्ठभूमि में उपमुख्यमंत्री ने रिकवरी एजेंटों और वित्तीय संस्थानों को सख्त लहजे में हिदायत दी। शिंदे ने कहा, माइक्रोफाइनेंस कंपनियां, बैंक और साहूकार संकटग्रस्त किसानों को प्रताड़ित न करें। यदि प्रताड़ना के कारण कोई किसान आत्महत्या जैसा कदम उठाता है, तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि उनकी पार्टी, शिवसेना, जरूरतमंद किसानों की बेटियों की शादी का खर्च उठाने की जिम्मेदारी लेगी।
राहत और वित्तीय मदद का ऐलान
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने दिवाली से पहले किसानों को ₹5,000 की तत्काल वित्तीय सहायता देने का फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल शुरुआती राहत है, बाकी मुआवजा फसल नुकसान के सर्वे के आधार पर दिया जाएगा। वर्ष 2026 के खरीफ सीजन के दौरान 'ट्रिगर-1' और 'ट्रिगर-2' प्रणालियों के तहत राज्य की 358 में से 304 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। शिंदे ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि साहस न खोएं और कोई भी आत्मघाती कदम न उठाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी महाराष्ट्र के किसानों के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया है।
नांदेड़ को मिलीं स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगातें
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए। वाडी बुद्रुक में उप-जिला अस्पताल में 100 बेड के इस नए अस्पताल से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को किफायती व गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलेगा। शिंदे ने स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर को जल्द से जल्द यहां सीटी स्कैन और डायलिसिस की सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए। नांदेड़ में श्री गुरु गोविंद सिंहजी जिला अस्पताल की नई 500 बेड की इमारत का निर्माण एशियाई विकास बैंक (ADB) की सहायता से किया जाएगा।
कैंसर का इलाज
स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने जानकारी दी कि टाटा मेमोरियल ट्रस्ट के सहयोग से 'महा केयर' पहल के जरिए नांदेड़ में ही कैंसर के इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद अशोक चव्हाण ने भी इन परियोजनाओं से नांदेड़ व आसपास के जिलों को मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों की सराहना की।
