Firozabad Police Encounter: फिरोजाबाद में नाबालिग किशोरी से दरिंदगी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को धर दबोचा है। पुलिस ने खेरगढ़ थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे, कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
शौच के लिए खेतों की तरफ गई थी किशोरी
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम एक नाबालिग किशोरी शौच के लिए खेतों की तरफ गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसके बाद किशोरी पर आरोपियों ने डंडे से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसके बाद आरोपी उसे लहुलूहान हालत में ही खेत में अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार जुटी हुई थीं।
जंगल में घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी खेरगढ़ थाना क्षेत्र के जंगलों में छिपे हैं और वहां से भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलीबारी की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। उनके पैरों में गोली लगी।
जगत और ऋषि के रूप में हुई पहचान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जगत और ऋषि के रूप में हुई है। दोनों आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से दो अवैध देशी तमंचे, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
