स्पोर्ट्स

Formula One: 20 साल के किमी एंटोनेली ने रचा इतिहास, बने सबसे कम उम्र के F1 चैंपियन

किमी एंटोनेली रविवार को सबसे कम उम्र के फॉर्मूला वन वर्ल्ड चैंपियन बन गए। F1 के अपने दूसरे ही सीजन में, 20 साल के इस खिलाड़ी ने सेबेस्टियन वेट्टल का 16 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने मेक्सिको सिटी ग्रैंड प्रिक्स में पोडियम पर फिनिश करने के बाद यह कामयाबी हासिल की।

Image

किमी एंटोनेली ने 20 साल की उम्र में जीती फॉर्मूला वन रेस।

Photo : AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फॉर्मूला वन रेस की दुनिया को उसका नया चैंपियन मिला है। आज से 16 साल पहले जो काम सेबेस्टियन वेट्टल ने किया था, उसी कमाल को दोहरते हुए 20 साल के किमी एंटोनेली ने नया इतिहास रच दिया है। वह सबसे कम उम्र के फॉर्मूला वन वर्ल्ड चैंपियन बन गए हैं। रविवार को मर्सिडीज ड्राइवर ने यह कामयाबी मेक्सिको सिटी ग्रैंड प्रिक्स में मैक्स वर्स्टापेन और लुईस हैमिल्टन के बाद तीसरे स्थान पर रहकर हासिल की। वह फॉर्मूला वन के 36वें वर्ल्ड चैंपियन बन गए।

हैरानी की बात यह कि इटली के किमी एंटोनेली ने अपने दूसरे फॉर्मूला वन रेसिंग सीजन में ही सेबेस्टियन वेट्टल का रिकॉर्ड तोड़ा। साल 2010 में सेबेस्टियन ने अपनी चार ड्राइवर्स चैंपियनशिप में से पहली चैंपियनशिप जीती थी। तब उनकी उम्र 23 साल और 133 दिन थी। एंटोनेली ने 20 साल 68 दिन की उम्र में इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा वह 1953 के बाद इटली के पहले रेसर बने जिन्होंने फॉर्मूला वन वर्ल्ड चैंपियन बने। इससे पहले इटली के अल्बर्टो असकारी चैंपियन बने थे। 73 साल बाद इटली का इंतजार खत्म हुआ।

वेरस्टैपेन और हैमिल्टन ने उठाया कंधों पर

खिताब जीतने के बाद एंटोनेली अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। जब एंटोनेली पोडियम पर अपनी भावनाओं को काबू करने की कोशिश कर रहे थे, तब वेरस्टैपेन और हैमिल्टन ने उन्हें अपने कंधे पर उठा लिया। यह एक यादगार नजारा था। खेल के दो सबसे महान ड्राइवर फॉर्मूला वन चैंपियन की नई पीढ़ी के आने का जश्न मनाते दिखे। एंटोनेली ने कहा- हमने कर दिखाया! हमने कर दिखाया। 21वीं सदी में पैदा हुए एंटोनेली इस सदी के पहले वर्ल्ड चैंपियन भी हैं।

7 साल की उम्र में ही पकड़ ली थी स्टीयरिंग

किमी एंटोनेली ने सात साल की उम्र में ही रेसिंग की शुरुआत कर दी थी। साल 2019 में जब वह 12 साल के थे तो उन्होंने जूनियर प्रोग्राम के लिए मर्सिडीज ज्वाइन की। साल 2022 में एंटोनेली ने अपने नाम का डंका बजवाते हुए इटैलियन और जर्मन फॉर्मूला के टाइटल अपने नाम किए। साल 2023 में रिजनल यूरोपियन और मिडल ईस्ट का टाइटल जीता। 2024 में फॉर्मूला-2 में दो जीत दर्ज की। 2025 में फॉर्मूला वन में मर्सिडीज के साथ अपना डेब्यू किया और एक साल बाद ही इतिहास रच दिया।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article