स्पोर्ट्स

आखिरी बार अर्जेंटीना की जर्सी में उतरेंगे लियोनेल मेसी, ब्यूनस आयर्स में जुटेंगे लाखों फैंस

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कह चुके लियोनेल मेसी मंगलवार को आखिरी बार अर्जेंटीना की जर्सी में नजर आएंगे। उन्हें आखिरी बार देखने के लिए फैंस में गजब का उत्साह है। यह मुकाबला ब्यूनस आयर्स में बेनिन के खिलाफ होगा।

Image

लियोनेल मेसी (साभार-X)

अर्जेंटीना के लिए मंगलवार को आखिरी बार मैदान पर उतरने वाले लियोनेल मेस्सी की विदाई बेहद भावुक होगी। ब्यूनस आयर्स में बेनिन के खिलाफ होने वाले इस मैत्री मुकाबले को ’द नाइट दैट नो वन वॉन्ट्स टू एंड’ यानी ’वह रात जिसे कोई खत्म नहीं करना चाहता’ नाम दिया गया है। दुनिया के सबसे महान फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल 39 वर्षीय मेस्सी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास का ऐलान करते हुए कहा था कि "अब समय आ गया है।" अर्जेंटीना फुटबॉल संघ (एएफए) ने उन्हें एक आखिरी मैच खेलने के लिए मनाया, ताकि उन्हें वह विदाई दी जा सके जिसके वे हकदार हैं। एस्टाडियो मोनुमेंटल में हजारों प्रशंसकों के मेस्सी के सम्मान में जुटने की उम्मीद है।

एएफए ने कहा है कि यह मुकाबला सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भावनाओं से भरा एक खास पल होगा। मेस्सी ने सोशल मीडिया पर अर्जेंटीना की टीम से जुड़ने और अपने आखिरी अभ्यास सत्र की तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने लिखा, "ये ऐसे खास पल हैं, जिनकी मुझे कमी महसूस होगी।"

मेस्सी लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने से चूक गए, जब मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को जुलाई में न्यू जर्सी में खेले गए फाइनल में स्पेन से 0-1 की हार मिली।

उन्होंने हालांकि चार साल पहले कतर में अपने देश को विश्व कप जिताकर अपना सबसे बड़ा सपना पूरा किया था। इसके साथ ही उन्होंने अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी डिएगो माराडोना की उपलब्धि की बराबरी की थी।

मेस्सी ने अर्जेंटीना के लिए 207 मैच खेले हैं और वह 125 गोल के साथ टीम के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। विश्व कप में उनके नाम 21 गोल हैं। वह और उनके लंबे समय के प्रतिद्वंद्वी क्रिस्टियानो रोनाल्डो छह-छह विश्व कप खेलने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। मेस्सी ने 2016 में कुछ समय के लिए अर्जेंटीना की टीम से संन्यास लिया था, लेकिन इसके बाद राष्ट्रीय टीम के साथ उनका सबसे सफल दौर आया। उन्होंने 2021 और 2024 में कोपा अमेरिका तथा 2022 में विश्व कप का खिताब जीता। क्लब स्तर पर मेस्सी अभी इंटर मियामी के लिए खेल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने टीम के साथ कैम्पियोनेस कप जीता, जो क्लब के लिए उनका चौथा खिताब है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article