स्पोर्ट्स

फीफा वर्ल्ड कप के बीच साथियों ने मनाया मेसी का 39वां बर्थडे, देखें खूबसूरत तस्वीरें और Video

Lionel Messi Birthday: यह मेसी का छठा विश्व कप है। खास बात यह है कि छह में से पांच बार उनका जन्मदिन टूर्नामेंट के दौरान ही पड़ा है। सिर्फ 2022 का कतर विश्व कप अपवाद रहा, क्योंकि वह नवंबर-दिसंबर में हुआ था।

Image

लियोनल मेसी का जन्मदिन (फोटो साभार- Leo Messi)

Lionel Messi Birthday: कनसास सिटी में बुधवार का दिन अर्जेंटीना कैंप के लिए दोहरी खुशी लेकर आया। एक तरफ टीम ने नॉकआउट में जगह पक्की की, दूसरी तरफ कप्तान लियोनेल मेसी ने अपना 39वां जन्मदिन साथियों संग मनाया। मौजूदा विश्व कप में मेसी का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। दो मैचों में ही उनके नाम पांच गोल दर्ज हैं। अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक और ऑस्ट्रिया के विरुद्ध दो गोल के दम पर अर्जेंटीना ने लगातार जीत दर्ज की। इन पांच गोलों के साथ ही मेसी विश्व कप इतिहास के सबसे बड़े गोल स्कोरर भी बन गए।

मेसी ने मनाया अपना 39वां जन्मदिन

यह मेसी का छठा विश्व कप है। खास बात यह है कि छह में से पांच बार उनका जन्मदिन टूर्नामेंट के दौरान ही पड़ा है। सिर्फ 2022 का कतर विश्व कप अपवाद रहा, क्योंकि वह नवंबर-दिसंबर में हुआ था। इस बार मिसौरी के कनसास सिटी में बने अर्जेंटीना के प्रैक्टिस सेंटर में केक काटा गया। केक कनसास सिटी की 'पैन कैलियेंटे' बेकरी से मंगवाया गया था। दिलचस्प यह है कि इस बेकरी के मालिक खुद अर्जेंटीना के पेस्ट्री शेफ हैं।

मेसी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो

मेसी ने इंस्टाग्राम पर साथियों संग केक काटते हुए तस्वीर साझा की। दूसरी तस्वीर में पूरी टीम एक जैसी टी-शर्ट पहने दिखी। हर टी-शर्ट पर उस खिलाड़ी की मेसी के साथ निजी फोटो छपी थी। जूलियन अल्वारेज ने उस टी-शर्ट का संदेश सोशल मीडिया पर शेयर किया। उस पर लिखा था, "उस शख्स को जिसने हमारी जिंदगी बदल दी, हमें अविस्मरणीय पल दिए और यह भरोसा दिलाया कि सपने सच होते हैं। जन्मदिन मुबारक हो कप्तान। हम आपसे प्यार करते हैं।"

वर्ल्ड कप में धूम मचा रहे हैं मेसी

मेसी के लिए यह टूर्नामेंट अब तक यादगार रहा है। अर्जेंटीना के सभी पांच गोल उन्हीं के पैर से निकले हैं। टीम का अटैक पूरी तरह उन पर टिका है और वह हर उम्मीद पर खरे उतरे हैं। 39 साल की उम्र में भी उनकी फिटनेस और भूख कम नहीं हुई है। पहले दो मैच जीतकर अर्जेंटीना ग्रुप में टॉप पर है और नॉकआउट का टिकट कटा चुका है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article