स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। FIFA वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप H मैच में सऊदी अरब पर स्पेन की शानदार 4-0 की जीत के दौरान, स्पेन के युवा स्टार लैमिन यमल ने इतिहास रच दिया। वह FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में 8वें सबसे कम उम्र के गोल करने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने लियोनेल मेसी के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।
18 साल के इस फॉरवर्ड ने 10वें मिनट में स्पेन के लिए पहला गोल किया। इसी के साथ रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया। 18 साल और 343 दिन की उम्र में यमल FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में गोल करने वाले आठवें सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। यमल ने अपना पहला FIFA वर्ल्ड कप गोल अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेसी से सिर्फ 14 दिन कम उम्र में किया। मेसी ने अपना पहला वर्ल्ड कप गोल 18 साल और 357 दिन की उम्र में किया था।
दिग्गज पेले के नाम विश्व रिकॉर्ड
सबसे कम उम्र में गोल करने का विश्व रिकॉर्ड दिग्गज फुटबॉलर पेले के नाम है। ब्राजील के दिग्गज ने 1958 फीफा वर्ल्ड कप के दौरान वेल्स के खिलाफ 17 साल और 239 दिन की उम्र में ब्राजील के लिए गोल किया था।
फीफा वर्ल्ड कप में गोल करने वाले सबसे कम्र के खिलाड़ी-
- पेले (ब्राजील) – 17 साल और 239 दिन
- मैनुअल रोसास (मैक्सिको) – 18 साल और 93 दिन
- गावी (स्पेन) – 18 साल और 110 दिन
- इब्राहिम म्बाये (सेनेगल) – 18 साल और 143 दिन
- माइकल ओवेन (इंग्लैंड) – 18 साल और 190 दिन
- निकोला कोवाक्स (रोमानिया) – 18 साल और 197 दिन
- दिमित्री सिचेव (रूस) – 18 साल और 231 दिन
- लामिन यमल (स्पेन) – 18 साल और 343 दिन
- लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना) – 18 साल और 357 दिन
- जूलियन ग्रीन (यूएसए) – 19 साल और 25 दिन
स्पेन के युवा फुटबॉलर यमल ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह स्पेन के लिए फीफा वर्ल्ड कप में सबसे कम उम्र में गोल करने वाले दूसरे फुटबॉलर बने। इससे पहले साल 2022 में गावी ने कोस्टा रिका के खिलाफ गोल करके इतिहास में अपना नाम दर्ज करवाया था।
