नई दिल्ली: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एक गोल से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए ओमान में चल रहे जूनियर एशिया कप में पूल ए के दूसरे मैच में जापान को 3-1 से हरा दिया। भारत के लिये अराइजीत सिंह हुंडल (36वां), शारदानंद तिवारी (39वां) और उत्तम सिंह (56वां) ने गोल दागे। वहीं जापान के लिये कुंपेइ यासुडा (19वां) ने गोल किया।
भारत ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत
टू्र्नामेंट में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है। भारतीय खिलाड़ियों ने पहले ही मिनट से दबाव बनाना शुरू कर दिया था हालांकि जापान को पहली सफलता मिली। पहले क्वार्टर में कोई टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर में जापान के लिये यासुडा ने गोल किया।
हॉफ टाइम के बाद टीम इंडिया ने की धमाकेदार वापसी
हाफटाइम के बाद जापान ने शुरुआत में आक्रामक खेल दिखाया लेकिन भारत ने वापसी करते हुए बराबरी का गोल दागा। इसके बाद भारत को लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले जिस पर शारदानंद ने गोल करके बढ़त दिलाई। आखिरी क्वार्टर में उत्तम सिंह ने पेनल्टी पर गोल करके बढ़त दो गोल की कर दी। भारत का सामना 27 मई को पाकिस्तान से और 28 मई को थाईलैंड से होगा।
