स्पोर्ट्स

फीफा वर्ल्ड कप 2026: मेस्सी के बाद अब डेविड ने लगाई रिकॉर्ड हैट्रिक, कनाडा ने कतर को 6-0 से रौंदा

Jonathan David Scores Record Hat-Trick, Canada vs Qatar FIFA World Cup Match Report: फीफा विश्व कप 2026 में फैंस को कुछ ही दिनों के अंतराल में दूसरी हैट्रिक देखने को मिल गई है। अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी के बाद अब कनाडा के जोनाथन डेविड ने गोल की हैट्रिक लगाई, जब कनाडा ने कतर को 6-0 से करारी मात दी। डेविड ने एक यादगार रिकॉर्ड भी बना दिया है।

Image

जोनाथन डेविड ने कतर के खिलाफ लगाई रिकॉर्ड हैट्रिक

Photo : AP

Canada vs Qatar Match Result, FIFA World Cup 2026: फुटबॉल विश्व कप के सह-मेजबान कनाडा की टीम ने कतर के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। कनाडा ने वेंकूवर में अपने घरेलू मैदान पर खेले गए मुकाबले में कतर के खिलाफ 6-0 से जीत हासिल की। इस बड़ी जीत के स्टार रहे जोनाथन डेविड (Jonathan David), कनाडा के इस फुटबॉलर ने एक शानदार वॉली के साथ अपना पहला वर्ल्ड कप गोल किया। हालांकि, 26 साल के जुवेंटस स्टार ने इसे हैट्रिक में बदलकर और भी खास बना दिया। ये हैट्रिक और भी खास इसलिए हो गई क्योंकि पिछले मैच में एक खराब परफॉर्मेंस के बाद ये जीत मिली है। पिछले मैच में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद डेविड की काफी आलोचना भी हुई थी।

जोनाथन डेविड ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज मैच में कतर के खिलाफ कनाडा के लिए बेमिसाल हैट्रिक लगाई और एक नया रिकॉर्ड बनाया। वो लियोनेल मेस्सी के बाद मौजूदा विश्व कप में हैट्रिक दागने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। डेविड ने 29वें मिनट में शानदार वॉली मारकर कनाडा की बढ़त को दोगुना किया और फिर पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में टैप-इन करके अपनी व्यक्तिगत बढ़त को भी दोगुना कर दिया।

1930 के बाद पहली बार हुआ ऐसा

इसके बाद, दूसरे हाफ के स्टॉपेज टाइम में अपना तीसरा गोल करके उन्होंने इतिहास रच दिया। वह 1930 में टूर्नामेंट के पहले साल में अमेरिका के बर्ट पैटेनौड के बाद फीफा वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले पहले नॉर्थ अमेरिकी खिलाड़ी बन गए हैं। अमेरिका के बर्ट पैटेनौड ने 1930 वर्ल्ड कप में पैराग्वे के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी, जबकि कनाडा के डेविड ने वही कमाल अब कतर के खिलाफ करके दिखाया है।

1966 के बाद घरेलू मैदान पर पहली बार हैट्रिक

वैसे कनाडा की 6-0 की शानदार जीत के दौरान इस हैट्रिक से डेविड ने सिर्फ एक रिकॉर्ड अपने नाम नहीं किया। वो 1966 में जेफ हर्स्ट के बाद अपने घरेलू मैदान पर फीफा वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। फाइनल में जर्मनी पर इंग्लैंड की 4-2 की जीत के दौरान, हर्स्ट ने इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे यादगार हैट्रिक में से एक लगाई थी।

दो खिलाड़ियों को रेड कार्ड, ग्रुप में शीर्ष पर पहुंचा कनाडा

कनाडा ने अपने घरेलू दर्शकों के सामने शानदार खेल दिखाया और कतर को 6-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप में देश की पहली जीत दर्ज की और नॉकआउट स्टेज में जगह बनाई। बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ पहला मैच ड्रॉ रहने के बाद, जेसी मार्श की टीम ने जबरदस्त आक्रामक खेल दिखाया और मौजूदा एशियाई चैंपियन टीम पर पूरी तरह हावी रही। अब कनाडा ग्रुप-बी में शीर्ष पर पहुंच गया है। मैच के दौरान कतर के दो खिलाड़ियों को रेड कार्ड भी दिखाया गया। कतर के होमम अहमद और असीम मदीबो को रेड कार्ड दिखाया गया और अब वे अगले मैच में नहीं खेल सकेंगे।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article