स्पोर्ट्स

Japan Open 2025: पहले दौर में खत्म हुआ पीवी सिंधू का सफर,दूसरे दौर में हुई सात्विक-चिराग और लक्ष्य की एंट्री

जापान ओपन के पहले दिन भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू का सफर पहले ही दौर में खत्म हो गया। वहीं सात्विक साईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार जोड़ी दूसरे दौर में पहुंच गई। ऐसा रहा भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन।

Image

पीवी सिंधू (फोटो क्रेडिट @Pvsindhu1 X)

टोक्यो: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू एक बार फिर पहले दौर से आगे बढ़ने में नाकाम रही लेकिन लक्ष्य सेन पुरुष एकल तथा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी बुधवार को जापान ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में आसान जीत के साथ दूसरे दौर में पहुंच गए। पूर्व विश्व चैंपियन 30 वर्षीय सिंधू को इस सुपर 750 टूर्नामेंट में कोरिया की सिम यू जिन के हाथों 15-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा।

पहले दौर की बाधा नहीं पार कर पाईं सिंधू

यह इस वर्ष पांचवां अवसर है जबकि सिंधू पहले दौर की बाधा पार नहीं कर पाई। सिंधू ने पहले गेम में थोड़ी चुनौती पेश की लेकिन इस बीच उन्होंने काफी गलतियां भी की जिसका फायदा उठाकर सिम यह गेम जीतने में सफल रहीं। दूसरे गेम में सिंधू जल्दी ही 1-6 से पीछे हो गईं। वह हालांकि स्कोर 11-11 से बराबर करने में कामयाब रहीं, लेकिन कोरियाई खिलाड़ी ने आसानी से बढ़त बनाकर सीधे गेम में मैच अपने नाम कर लिया। सिम ने इस तरह से भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ अपने करियर की पहली जीत हासिल की।

दूसरे दौर में पहुंची चिराग सात्विक की जोड़ी

इससे पहले पुरुष युगल में वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 15वें स्थान पर काबिज सात्विक और चिराग ने कांग मिन ह्युक और किम डोंग जू की कोरियाई जोड़ी को केवल 42 मिनट में 21-18, 21-10 से हराया। विश्व की पूर्व नंबर एक भारतीय जोड़ी को लय हासिल करने में थोड़ा समय लगा और कोरिया के खिलाड़ियों में पहले गेम में उनके सामने कड़ी चुनौती पेश की। सात्विक और चिराग ने दूसरे गेम में शुरू से ही दबदबा बना कर रखा और आसानी से अगले दौर में प्रवेश किया।

लक्ष्य सेन भी पहुंचे दूसरे दौर में

इस बीच पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म में चल रहे लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन के वांग झेंग जिंग को 21-11, 21-18 से हराया। विश्व के 18वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने पहले गेम में पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा और 11-2 की बढ़त बना ली और फिर बिना किसी परेशानी के गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में जिंग ने चुनौती पेश की, लेकिन लक्ष्य ने शुरुआती लय का फायदा उठाते हुए बढ़त बनाए रखी और सीधे गेम में मैच जीत लिया। अब उनका सामना जापान के सातवें वरीय खिलाड़ी कोडाई नाराओका से होगा।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों का ऐसा रहा हाल

महिला एकल में अनुपमा उपाध्याय ने दो भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में रक्षित रामराज को 21-15 18-21 21-18 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। अनुपमा अगले दौर में चीन की दूसरी वरीय वांग झी यी से भिड़ेंगी। उन्नति हुड्डा को हालांकि पहले दौर में थाईलैंड की सातवीं वरीय पोर्नपावी चोचुवोंग के खिलाफ 8-21 12-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। अन्य भारतीयों में हरिहरन अम्साकरुणन और रुबन कुमार रेथिनासबापति की पुरुष युगल जोड़ी को किम वोन हो और सियो सेयुंग जेइ की कोरिया की तीसरी वरीय पुरुष युगल जोड़ी के खिलाफ 15-21 9-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी जबकि कविप्रिया सेलवम और सिमरन सिंघ की महिला युगल जोड़ी ल्यु लोक लोक और सेंग हियु येन की हांगकांग की जोड़ी के खिलाफ 6-21 15-21 से हार गई।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article