स्पोर्ट्स

नॉकआउट राउंड की जंगः जापान और स्वीडन ने 1-1 से ड्रॉ खेला, दोनों फीफा विश्व कप के राउंड ऑफ 32 में पहुंचे

Japan vs Sweden, FIFA World Cup 2026: डाइजेन माएदा ने जापान को बढ़त दिलाई लेकिन छह मिनट बाद एंथनी एलंगा ने बराबरी का गोल कर स्वीडन को 1-1 से ड्रॉ दिलाया जिससे दोनों ही टीमें बृहस्पतिवार को यहां विश्व कप के नॉकआउट दौर में पहुंच गईं।

Image

जापान-स्वीडन ड्रॉ खेलकर फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट राउंड में पहुंचे

Photo : AP

FIFA World Cup 2026, Japan vs Sweden: डाइजेन माएदा ने जापान को बढ़त दिलाई लेकिन छह मिनट बाद एंथनी एलंगा ने बराबरी का गोल कर स्वीडन को 1-1 से ड्रॉ दिलाया जिससे दोनों ही टीमें बृहस्पतिवार को यहां विश्व कप के नॉकआउट दौर में पहुंच गईं। एलंगा ने 62वें मिनट में बॉक्स के दाहिने कोने के ठीक बाहर से बाएं पैर से दनदनाता हुआ शॉट लगाकर इस टूर्नामेंट में अपना दूसरा गोल किया और स्वीडन को नॉकआउट में जगह दिलाने में अहम भूमिका निभाई। एलंगा ने न्यूकासल के लिए 49 मैच में केवल तीन गोल किए हैं जबकि पिछले 32 प्रीमियर लीग मैच में कोई गोल नहीं किया है।

इससे छह मिनट पहले माएदा ने पेनल्टी एरिया में रित्सु दोआन के बेहतरीन पास को बाएं पैर से रोका और आसानी से जैकब विडेल जेटरस्ट्रॉम को छकाते हुए दाहिने पैर से गोल दाग दिया। यह टूर्नामेंट में जापान का सातवां गोल था जो किसी एक विश्व कप में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। यह आठ साल पहले रूस में राउंड ऑफ 16 में पहुंचने के दौरान जापानी टीम द्वारा किए गए छह गोल से अधिक है।

जापान लगातार तीसरे विश्व कप में ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में सफल रहा है और 2002 में सह मेजबान के तौर पर पहली बार प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद से सात प्रयास में पांचवीं बार ऐसा कर रहा है। जापान की टीम ग्रुप एफ में नीदरलैंड के बाद दूसरे स्थान पर रही और सोमवार को ह्यूस्टन में ब्राजील की मजबूत टीम के खिलाफ खेलेगी।

स्वीडन की टीम ने 1994 के बाद से जब भी विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है तो टीम नॉकआउट में पहुंची है। टीम 1994 में सेमीफाइनल तक पहुंची थी जब अमेरिका ने फुटबॉल के इस सबसे बड़े आयोजन की मेजबानी की थी। इंजरी टाइम में एलंगा को एक और मौका मिला लेकिन उनके दाहिने पैर से लगाए गए शॉट को गोलकीपर जायोन सुजुकी ने गोता लगाकर रोक दिया। इसके बाद मिली कॉर्नर किक पर सुज़ुकी ने एलेक्जेंडर इसाक के हेडर से मारे शॉट को भी नाकाम करके जापान के लिए अंक सुनिश्चित किए।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article