स्पोर्ट्स

चीन में फिर लहराया भारतीय तिरंगा, संयम विज ने ISSF वर्ल्ड कप में जीता सिल्वर मेडल

Sainyam Vij: दोहा में ISSF वर्ल्ड कप फाइनल में सिल्वर जीतने के बाद से ही संयम जबरदस्त फॉर्म में हैं। 22 साल की संयम का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है।

Image

संयम विज ने जीता सिल्वर मेडल (फोटो साभार- AI Created)

Sainyam Vij: चंडीगढ़ की युवा निशानेबाज संयम ने ISSF विश्व कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का खाता खोला। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। शुक्रवार को हुए हाई-प्रेशर फाइनल में संयम ने 243.4 अंक हासिल कर दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया। क्वालीफिकेशन दौर में संयम ने 579 का मजबूत स्कोर बनाकर फाइनल में जगह पक्की की थी।

जबरदस्त फॉर्म में हैं संयम

संयम की यह लय हाल ही में दिल्ली में हुए राष्ट्रीय चयन ट्रायल से ही दिख रही थी। वहां 10 मीटर एयर पिस्टल ट्रायल-2 के फाइनल में उन्होंने 243.1 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया था। दोहा में ISSF वर्ल्ड कप फाइनल में सिल्वर जीतने के बाद से ही संयम जबरदस्त फॉर्म में हैं। 22 साल की संयम का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। 2023 में उन्होंने जर्मनी के सुहल में ISSF जूनियर वर्ल्ड कप और दक्षिण कोरिया के चांगवोन में ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीते थे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भी वह पोडियम पर रह चुकी हैं। अब सीनियर स्तर पर भी वह खुद को साबित कर रही हैं।

क्या बोले NRAI के अध्यक्ष

NRAI के अध्यक्ष कालिकेश नारायण सिंह देव ने संयम की तारीफ करते हुए कहा, “हांगझोउ में संयम का पोडियम फिनिश उनके समर्पण और तकनीकी अनुशासन का सबूत है। दुनिया के टॉप शूटरों के बीच इतना संयम रखना आसान नहीं होता।” इस स्पर्धा में भारत की सुरुचि इंदर सिंह भी आठ खिलाड़ियों के फाइनल में पहुंचीं। हालांकि वह 137.6 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहीं। सुरुचि ने क्वालीफिकेशन में 579-20x स्कोर किया था। क्वालीफिकेशन में भारतीय दल से सबसे बेहतर प्रदर्शन ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर का रहा। उन्होंने 582-12x स्कोर किया, लेकिन वह RPO यानी रैंकिंग प्वाइंट्स ओनली के तहत खेल रही थीं, इसलिए मेडल की दौड़ से बाहर थीं। ईशा सिंह 577-22x के साथ 13वें स्थान पर रहीं। वहीं लक्षिता ने भी RPO के तहत 572-14x का स्कोर बनाया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article