शहर

तमिलनाडु: मिर्गी का नाटक कर जेल से भागे थे 17 कैदी, ड्रोन की मदद से 13 पकड़ाए, 9 अधिकारी सस्पेंड

Tamil Nadu Theni District Jail: जेल से 17 कैदियों के फरार होने की घटना के बाद प्रिजन DGP संदीप राय राठौर ने जिला जेल का दौरा किया। इसके बाद जेल विभाग के नौ अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।

Image

पकड़े गए जेल से भागे कैदी (फोटो साभार- ANI)

Tamil Nadu Theni District Jail: तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कमपट्टी सब-जेल में सोमवार देर रात सुरक्षा में बड़ी सेंध लगी। यहां बंद 17 कैदी जेलकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने ड्रोन सर्विलांस और सर्च ऑपरेशन के जरिए तेजी दिखाते हुए 13 कैदियों को फिर से पकड़ लिया है। साउथ जोन के आईजी विजयेंद्र बिदारी ने इसकी पुष्टि की है। बाकी 4 कैदियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चल रहा है।

9 अधिकारी हुए सस्पेंड

जेल से 17 कैदियों के फरार होने की घटना के बाद प्रिजन DGP संदीप राय राठौर ने जिला जेल का दौरा किया। जेल से निकलने के बाद उन्होंने कहा, "अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जेल विभाग के नौ अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। फरार कैदियों को पकड़ने के प्रयासों में तमिलनाडु पुलिस सक्रिय रूप से शामिल थी। ऑपरेशन पर दो टीमें एक साथ काम कर रही थीं।"

मिर्गी का नाटक कर पुलिस पर किया हमला

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, फरार होने की पूरी प्लानिंग पहले से की गई थी। कैदियों ने एक साथी को मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक करने को कहा। तबीयत बिगड़ने की सूचना पर जैसे ही जेल स्टाफ सेल का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचा, सभी कैदियों ने एक साथ उन पर हमला बोल दिया। हमले में तीन जेलकर्मी घायल हो गए। ग्रेड-2 के पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर पर गंभीर चोट आई है, उन्हें जी. विलाक्कु सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो अन्य कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं। हमले के बाद कैदी मौके से भाग निकले।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- डंकी रूट से अमेरिका भेजने वाला एजेंट गिरफ्तार

ड्रोन से निगरानी में दबोचे गए 13 कैदी

घटना की सूचना मिलते ही पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। फरार कैदियों को पकड़ने के लिए 17 स्पेशल टीमें बनाई गई हैं। पुलिस ने ड्रोन कैमरों की मदद से जंगलों और सुनसान इलाकों में सर्च शुरू किया। इसके बाद 13 कैदियों को ट्रेस कर हिरासत में ले लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पड़ोसी जिलों मदुरै, डिंडीगुल में 16 जगहों पर चेकपोस्ट लगाकर हर वाहन की तलाशी ली जा रही है। केरल पुलिस को भी अलर्ट किया गया है, खासकर इडुक्की जिले में। सभी थानों में फरार कैदियों की फोटो और डिटेल शेयर की गई है। लापरवाही के आरोप में ड्यूटी पर तैनात 9 जेलकर्मियों और अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article