क्रिकेट

अभिषेक ने तोड़ दिया विराट के शतकों का रिकॉर्ड, अब नजर बाबर और क्रिस गेल पर

न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में 113 रन की पारी खेलने वाले अभिषेक शर्मा ने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब उनकी नजर बाबर आजम और क्रिस गेल के रिकॉर्ड पर है। अभिषेक ने दूसरी बार 35 या इससे कम गेंद पर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक जड़ा है।

Image

विराट कोहली और अभिषेक शर्मा (साभार-X)

मंगलवार को वेलिंगटन में हवा चल रही थी, लेकिन मेजबान टीम को अंदाजा नहीं था कि आंधी आना बाकी था। अभिषेक शर्मा ने 199 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल 35 गेंद में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा शतक जड़ दिया। हालांकि, वह मैच फिनिश नहीं कर पाए और 38 गेंद में 9 चौके और 11 छक्के की मदद से 113 रन की विस्फोटक पारी खेलकर आउट हो गए। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतकों के मामले में अब उनसे आगे केवल रोहित शर्मा हैं जिनके नाम 5 टी20 शतक है।

टूट गया कोहली का रिकॉर्ड

अभिषेक ने 35 गेंद में 8 चौके और 10 छक्के की मदद से अपनी सेंचुरी पूरी की। इस शतक के साथ ही उन्होंने टी20 में शतक जड़ने के मामले में विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह टी20 क्रिकेट में अभिषेक शर्मा का 11वां शतक था और इस तरह उन्होंने किंग कोहली के 10 शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इतना ही नहीं अब अभिषेक टी20 में सर्वाधिक शतक जड़ने के मामले में क्विंटन डीकॉक और डेविड वॉर्नर से आगे निकल गए।

अब बाबर और गेल के रिकॉर्ड पर नजर

अब टी20 में सर्वाधिक शतक जड़ने के मामले में अभिषेक से आगे केवल दो बल्लेबाज रह गए हैं। इस फॉर्मेट में सर्वाधिक 22 शतक का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। गेल के रिकॉर्ड से तो अभिषेक अभी खासे दूर हैं, लेकिन अब उनके निशाने पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर का रिकॉर्ड है। बाबर आजम ने टी20 क्रिकेट में 13 शतक जड़े हैं। अभिषेक 11 शतक जड़कर इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं।

मेंस टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक

22 - क्रिस गेल

13 - बाबर आज़म

11 - अभिषेक शर्मा

10 - क्विंटन डी कॉक

10 - विराट कोहली

10 - डेविड वार्नर

मैच की बात करें तो भारत ने 199 रन का लक्ष्य 4 विकेट खोकर 13.2 ओवर में हासिल कर लिया। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 113 और वैभव सूर्यवंशी ने 45 रन की पारी खेली। इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डैरिल मिचेल के 89 और बेवन जैकब्स के 39 रन की पारी के दम पर 3 विकेट खोकर 198 रन बनाए। भारत ने इस जीत के साथ 5 मैच की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article