अभिषेक शर्मा की आतिशी 113 रन की पारी के दम पर भारत ने 199 रन का लक्ष्य 40 गेंद शेष रहते 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अभिषेक और वैभव ने केवल 43 गेंद में 133 रन की साझेदारी की और पावरप्ले में ही न्यूजीलैंड को मैच से बाहर कर दिया। अभिषेक ने केवल 15 गेंद में अर्धशतक और 35 गेंद में शतक जड़ दिया। मैच के बाद अभिषेक के गुरु युवराज सिंह ने उनकी पारी पर चुटकी लिया। युवराज ने एक्स पर पोस्ट के जरिए पूछा कि आप अब भी 12 गेंद में 50 रन नहीं बना सकते। ऐसा लग रहा था कि दो बाएं हाथ के बल्लेबाज अपने घर के बैकयार्ड में बल्लेबाजी कर रहे थे।
अभिषेक शर्मा ने दिया जवाब
मैच के बाद जब अभिषेक शर्मा से युवराज सिंह के इस कमेंट को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बड़ी विनम्रता से इसका जवाब दिया। अभिषेक ने कहा 'मैंने यह पहले भी कहा है। मुझे नहीं पता कि वह उस समय कौन सा क्रिकेट खेल रहे थे, लेकिन यह बिल्कुल भी आसान नहीं है। और मैं कहूंगा कि अगर कोई बैटर वहां जाकर उस तरह बैटिंग करना चाहता है, तो यह बिल्कुल भी आसान नहीं है। आप बस जाकर 12 बॉल पर 50 नहीं बना सकते। ऐसा कभी-कभी होता है। लेकिन, जाहिर है, एक बैटर के तौर पर, हम उस माइलस्टोन के लिए नहीं जाते। हम हमेशा टीम के लिए गेम जीतना चाहते हैं।
बाद में युवराज ने की तारीफ
युवराज ने अभिषेक की तारीफ करते हुए दूसरा पोस्ट किया जिसमें उन्होंने लिखा 'मैं 30 या 34 गेंदों में 100 रन नहीं बना सकता। बहुत बढ़िया खेला सर। शानदार पारी और आपने सिंगल भी लिए। दूसरे छोर पर वैभव ने शानदार काम किया। ज़बरदस्त कॉम्बिनेशन-सलाम। नंबर 3 पर एक पूरी टीम मैन की तरह खेल रहे हैं! हमारे गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की और सामने वाली टीम को 200 रन के भीतर रोक लिया। सीरीज जीतने के लिए टीम इंडिया को ढेरों शुभकामनाएं।
