सोनिया गांधी ने अपने जीवन पर आधारित एक किताब लाने की घोषणा की है। इसका मकसद उन गलतफहमियों को दूर करना है जो लंबे समय से चली आ रही हैं। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने मंगलवार को अपने जीवन पर लिखी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) के बारे में बात करते हुए कहा कि इसके आने पर'कुछ तमाशा' हो सकता है। वे अपने जीवन से जुड़े कई ऐसे पहलुओं पर स्थिति साफ करना चाहती हैं, जिन्हें लेकर सालों से गलत बातें बताई जाती रही हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर सोनिया गांधी ने कहा कि अब तक दूसरे लोग दशकों से उनकी'कहानी' बताते रहे हैं, और अब उनकी अपनी बारी है कि वे घटनाओं का अपना पक्ष सामने रखें। सोनिया गांधी ने पोस्ट में लिखा,'जब यह किताब आएगी, तो कुछ तमाशा तो होना ही है। आखिर, दूसरे लोग दशकों से मेरी 'कहानी' बताते रहे हैं, अब मेरी बारी है।'
अपने जीवन के बारे में अब तक हुई तमाम चर्चाओं और लेखों का जिक्र करते हुए, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि उनके बारे में बहुत कुछ लिखा गया है, लेकिन उसमें से ज्यादातर बातें सही नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'चूंकि बहुत कुछ लिखा गया है, और उसमें से काफी कुछ गलत है, इसलिए मुझे लगा कि अब मुझे खुद अपनी बात रखनी चाहिए और असल तथ्यों को सामने लाना चाहिए।'
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: वह बेहद आकर्षक थे, लेकिन...सोनिया ने बताया राजीव की किस बात ने जीता दिल
'तमाशा तो होना ही है'
सोनिया गांधी ने अपने जीवन को लेकर लोगों की अलग-अलग धारणाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस किताब के आने के बाद कुछ लोग उन्हें देखने का अपना नजरिया बदल सकते हैं, जबकि कुछ लोगों की राय और भी ज्यादा नकारात्मक हो सकती है। उन्होंने कहा,'मेरी कहानी को लेकर लोगों की अलग-अलग राय है; कुछ लोगों का नजरिया बदल सकता है, तो कुछ की राय और खराब हो सकती है।' उन्होंने आगे कहा,'तमाशा तो होना ही है।'
पति के PM बनने के 'पूरी तरह खिलाफ' थीं
सोनिया गांधी ने उस समय को भी याद किया जब उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को प्रधानमंत्री बनने के लिए कहा गया था। उन्होंने बताया कि वे इस विचार के'पूरी तरह खिलाफ' थीं। सोनिया गांधी का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब वे उन घटनाओं और अनुभवों के बारे में अपना पक्ष रखने की तैयारी कर रही हैं, जिन पर दशकों से काफी चर्चा होती रही है और जिन्हें कई जगह दर्ज भी किया गया है। हालांकि उन्होंने अपनी पोस्ट में किताब के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन उनकी बातों से संकेत मिलता है कि इसमें वे अपने निजी और राजनीतिक जीवन की अहम घटनाओं पर अपना नजरिया पेश करेंगी।
