FIFA World Cup 2026, Ismael Kone Injury: फीफा विश्व कप 2026 में मेजबान कनाडा फुटबॉल टीम और कतर फुटबॉल टीम के बीच ग्रुप-बी के मैच के दौरान एक चिंताजनक घटना हुई, जब कनाडा के खिलाड़ी इस्माइल कोने को गंभीर चोट लग गई और उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। यह घटना 51वें मिनट में हुई जब असीम मादिबो का टैकल गलत समय पर हुआ। इसके बाद मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ी रोते भी नजर आए और एक समय पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच लड़ाई तक की नौबत आ गई थी।
इस्माइल कोने को गंभीर चोट लगी है और ये मैदान पर फाउल झेलने के बाद उनकी प्रतिक्रिया से ही स्पष्ट हो गया था, जिसके बाद मेडिकल टीम तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंची। इस्माइल का मैदान पर ही काफी देर तक इलाज चला और बाद में स्ट्रेचर मंगवाया गया। मैच को लगभग 10 मिनट के लिए रोक दिया गया, जब तक कि वीडियो असिस्टेंस रिव्यू (वीएआर) ने कतर के खिलाड़ी मादिबो को रेड कार्ड देने का फैसला नहीं किया।
कनाडा के खिलाड़ी रो पड़े, दोनों टीमों के बीच हाथापाई की नौबत आई
मैच रुके रहने के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई और एक समय पर लगा कि ये लड़ाई गंभीर हो जाएगी। हालांकि, सबका ध्यान कोने पर ही था क्योंकि चोट की गंभीरता को देखकर दोनों टीमों के खिलाड़ी भावुक हो गए थे। इस दौरान फाउल करने वाले कतर के खिलाड़ी मादिबो और कनाडा के स्टार खिलाड़ी जोनाथन डेविड को रोते हुए भी देखा गया।

इस्माइल की चोट के बाद रोते कनाडा के खिलाड़ी
कितनी गंभीर है चोट, कब तक रहना पड़ सकता है बाहर?
इस्माइल की चोट काफी गंभीर है और उनको लंबे समय तक फ़ुटबॉल से दूर रहना पड़ सकता है, क्योंकि टीवी कमेंटेटर ने बताया कि खिलाड़ी की टिबिया और फिबुला हड्डियों में फ्रैक्चर हुआ है। खिलाड़ी को ऑक्सीजन मास्क लगाया गया और उनके पैर पर सुरक्षा के लिए कास्ट भी चढ़ाया गया। जब वह मैदान से बाहर जा रहे थे, तो उन्होंने भीड़ की ओर 'थंब्स अप' का इशारा किया। वहीं घरेलू टीम के समर्थक एक साथ खड़े हो गए और जोरदार तालियों के साथ उनका सम्मान किया।
मैच का नतीजा क्या रहा
इस मुकाबले में कनाडा की टीम ने एकतरफा जीत हासिल की। कनाडा ने कतर को 6-0 से हराते हुए ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। कनाडा की तरफ से सबसे बड़े सितारे रहे जोनाथन डेविड जिन्हें पिछले ही मैच में खराब प्रदर्शन के चलते आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। इस बार डेविड ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए गोल की ऐतिहासिक हैट्रिक लगाई। उन्होंने 29वें, 45+3' और 90+2' मिनटों में तीन गोल करके हैट्रिक पूरी की। वो लियोनेल मेस्सी के बाद इस विश्व कप में हैट्रिक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने और किसी नॉर्थ अमेरिकी खिलाड़ी द्वारा फीफा विश्व कप इतिहास में दूसरी हैट्रिक लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। उनके अलावा साइल लारिन ने 16वें मिनट और नाथन सलीबा ने 64वें मिनट में एक-एक गोल किया। जबकि एक आत्मघाती गोल कतर के खिलाड़ी मोहम्मद मानाई द्वारा 75वें मिनट में हुआ।
