स्पोर्ट्स

Iran In FIFA World Cup 2026: ईरान ने एक और मैच ड्रॉ खेला, कोच ने युद्ध के हालातों की चर्चा करते हुए टीम का हौसला बढ़ाया

Iran Plays Draw Against Belgium In FIFA World Cup 2026: पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति अभी भी सामान्य नहीं हुई है, तनाव अब भी बरकरार है। इसी बीच ईरान की फुटबॉल टीम फीफा विश्व कप 2026 में खेल भी रही है और उसका शानदार प्रदर्शन भी जारी है। अब तक खेले दो मैचों में उसने एक भी मैच नहीं गंवाया है, दोनों मैचों में उसने ड्रॉ खेला। सबसे ताजा सफलता उसे बड़ी टीम बेल्जियम के खिलाफ हाथ लगी।

Image

ईरान ने बेल्जियम के खिलाफ ड्रॉ खेला

Photo : AP

Iran vs Belgium, FIFA World Cup 2026: ईरान की फुटबॉल टीम ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया और इस बार बेल्जियम की बेहतरीन टीम के खिलाफ मैच में उसने गोलरहित ड्रॉ खेला। टूर्नामेंट के इतिहास में ईरान कभी भी पहले राउंड से आगे नहीं बढ़ पाया है, लेकिन इस बार असाधारण हालात में यह सूखा खत्म हो सकता है। ईरान को मैच से सिर्फ 24 घंटे पहले ही अमेरिका में घुसने की इजाजत है और उन्हें तुरंत देश छोड़ना पड़ता है। अमेरिका ने यात्रा प्रतिबंधों में ढील देने से इनकार कर दिया है, जिसका मतलब है कि ईरान के खिलाड़ियों को रिकवरी सेशन करने के बजाय वापस मेक्सिको जाना पड़ता है।

ईरान के कोच अमीर घालेनोई ने बेल्जियम के खिलाफ ड्रॉ के बाद अपनी टीम की बड़ी उपलब्धि और दिलेरी की तारीफ की और कहा कि उनके शानदार प्रदर्शन को देश के फुटबॉल इतिहास में लिखा जाएगा। घालेनोई ने कहा, "मुझे लगता है कि हम सबसे खराब हालात में वर्ल्ड कप में आए थे। मैं चाहता था कि पूरी दुनिया को यह पता चले। इन हालात के बावजूद हमने वर्ल्ड कप में बिना हारे दो मैच खेले हैं।"

घालेनोई ने आगे कहा, "हमें मैच से पहले ट्रेनिंग के लिए 16 घंटे से भी कम समय मिला था। यह एक बड़ी उपलब्धि है और हमारे फुटबॉल के इतिहास में इसके बारे में लिखा जाएगा। आने वाली पीढ़ियां इस बारे में और हमारी उपलब्धि के बारे में बात करेंगी।"

इससे पहले, टूर्नामेंट में अपने पहले मैच में ईरान ने न्यूजीलैंड के साथ 2-2 से ड्रॉ खेलकर अभियान की शुरुआत की थी। उनकी किस्मत उनके अपने हाथों में है और अगर वे 27 जून को अपने आखिरी मैच में मिस्र को हरा देते हैं, तो वे राउंड ऑफ 32 में जगह पक्की कर लेंगे। अगर मिस्र के साथ उनका मैच ड्रॉ भी रहता है, तब भी ईरान के पास मौका होगा। सिर्फ हार की सूरत में ही ईरान का विश्व कप अभियान समाप्त होगा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article