चेन्नई: तमिलनाडु के विशाल थेनारासु कयालविझी ने गुरुवार को राष्ट्रीय अंतर राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पुरुष 400 मीटर स्पर्धा में 45.12 सेकेंड के समय से राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इक्कीस साल के विशाल ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को काफी पीछे छोड़ते हुए देश के सर्वश्रेष्ठ 400 मीटर धावक की अपनी दावेदारी और मजबूत की। उन्होंने 45.21 सेकेंड के पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया जो मोहम्मद अनस ने 2019 में बनाया था।
अपने पुराने प्रदर्शन में किया 36 सेकेंड का सुधार
इससे पहले विशाल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 45.57 सेकेंड था जो उन्होंने मई में दक्षिण कोरिया में 2025 एशियाई चैंपियनशिप में चौथे स्थान पर रहने के दौरान बनाया था। विशाल हालांकि 44.85 सेकेंड के विश्व चैंपियनशिप के स्वत: क्वालीफिकेशन समय से चूक गए। तमिलनाडु के अनुभवी राजेश रमेश 46.04 सेकेंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे जबकि हरियाणा के विक्रांत पांचाल ने 46.17 सेकेंड के समय से तीसरा स्थान हासिल किया।
कोच जेसन डॉसन को समर्पित किया रिकॉर्ड
नेशनल रिकॉर्ड तोड़ने के बाद विशाल ने अपने चेस्ट पर लगे बिब(चेस्ट पर जो नंबर लिखा होता है) को निकाला और फोटोग्राफरों को दिखाया जो इस पल को कैमरे में कैद करने का इंतजार कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने बिब को पलटा जिसपर संदेश लिखा था, फॉर माइ कोच जेसन। ये संदेश जेसन डॉसन के लिए था जो 4x400 मीटर पुरुष राष्ट्रीय रिले टीम के मुख्य कोच हैं। डॉसन ने पेरिस ओलंपिक के बाद नई रिले टीम बनाने के लिए प्रतिभाशाली युवाओं की तलाश शुरू की थी और तभी से उन्होंने विशाल ट्रेनिंग देना शुरू किया। जमैका के इस कोच की निगरानी में हुई कठिन और निरंतर ट्रेनिंग ही उनके प्रदर्शन में आश्चर्यजनक सुधार करने की वजह बनी।
(भाषा इनपुट के साथ)
