राष्ट्रमंडल खेल 2026 में वेटलिफ्टिंग में 11 वेटलिफ्टर ग्लासगो गए थे और उसमें से 8 ने मेडल अपने नाम किया। 8 में एक गोल्ड, 6 सिल्वर और एक ब्रोंज मेडल भारतीय वेटलिफ्टर के हिस्से आया। मीराबाई चानू के नेतृत्व में वेटलिफ्टर का ग्रुप रविवार को स्वदेश लौट आया है। भारतीय वेटलिफ्टर टीम के मुख्य राष्ट्रीय कोच विजय शर्मा ने दल के प्रदर्शन की सराहना की और चानू की असाधारण उपलब्धि की प्रशंसा की।
"मैं अपनी टीम के प्रदर्शन से बेहद खुश हूं। वेटलिफ्टिंग में प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। मीराबाई असाधारण हैं। वह न सिर्फ भारत में बल्कि पूरी दुनिया में एकमात्र ऐसी महिला हैं जिन्होंने लगातार चार राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीते हैं। यह सब उनकी अनुशासन और समर्पण के दम पर ही संभव हो पाया है,"
उन्होंने आगे कहा कि 'हमारा अगला लक्ष्य एशियन गेम्स की तैयारी होगी। अभी मेरे लिए एशियाई खेलों में पदक जीतना सबसे महत्वपूर्ण है। हम इसके लिए पूरी कोशिश करेंगे।"
वेटलिफ्टिंग में भारत के 8 मेडल
भारत ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में वेटलिफ्टिंग अभियान का समापन कुल आठ पदकों के साथ किया, जिसमें एक स्वर्ण, छह रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। भारत के पदक विजेताओं में मीराबाई चानू शामिल थीं, जिन्होंने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। ज्ञानेश्वरी यादव और हरजिंदर कौर ने क्रमशः महिलाओं के 53 किलोग्राम और 69 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किए, जबकि ऋषिकांत सिंह, मुथुपांडी राजा, वल्लूरी अजय बाबू और लवप्रीत सिंह ने भी क्रमशः पुरुषों के 60 किलोग्राम, 65 किलोग्राम, 79 किलोग्राम और 110 किलोग्राम से अधिक वर्ग में रजत पदक जीते। बिंद्यारानी देवी ने महिलाओं के 58 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता।
