स्पोर्ट्स

CWG 2026 Swimming: कॉमनवेल्थ गेम्स तैराकी में भारत के अनुभवी तैराक 200 मीटर फ्रीस्टाइल के फाइनल में नहीं पहुंचे

Sajan Prakash Fail to Qualify In Swimming Final: ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के अनुभवी तैराक साजन प्रकाश पुरूषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल में नहीं पहुंच सके और अपनी हीट में पांचवें तथा कुल 20वें स्थान पर रहे।

Image

साजन प्रकाश (X/DoordarshanSports)

ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (Commonwealth Games 2026) में भारत के अनुभवी तैराक साजन प्रकाश पुरूषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल में नहीं पहुंच सके और अपनी हीट में पांचवें तथा कुल 20वें स्थान पर रहे। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में किसी भी दल के आठ सर्वश्रेष्ठ तैराक ही फाइनल में पहुंचते हैं। साजन प्रकाश एक मिनट 51.99 सेकंड का समय निकालकर काफी पीछे थे। उनका सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन और राष्ट्रीय रिकॉर्ड एक मिनट 46.61 सेकंड का है।

32 वर्ष के साजन भारत के ही अनीश गौड़ा से भी पीछे रहे जो पदार्पण करते हुए एक मिनट 51.64 सेकंड का समय निकालकर 18वें स्थान पर रहे । गौड़ा का सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन एक मिनट 51.88 सेकंड है। बाद में भारत के आर्यन नेहरा पुरुषों की 1500 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में सातवें स्थान पर रहे। उन्होंने 15:36.25 का समय लिया। ऑस्ट्रेलिया के सैम शॉर्ट ने 14:42.11 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि उत्तरी आयरलैंड के डैनियल विफेन (14:44.70) और ऑस्ट्रेलिया के बेंजामिन गोडेमैन्स (14:49.50) उनके बाद रहे।

पैरा तैराकी में चैतन्य विश्वास कुलकर्णी और सुयश नारायण जाधव ने एस7 50 मीटर फ्रीस्टाइल के फाइनल में जगह बना ली। कुलकर्णी हीट में चौथे स्थान पर रहे जिन्होंने 32.77 सेकंड का समय निकाला । वहीं जाधव 35.35 सेकंड के साथ छठे स्थान पर रहे। एस7 उन तैराकों के लिये हैं जिनका पैर पूरी तरह से काम नहीं करता है।

इससे पहले साजन प्रकाश पुरूषों की 50 मीटर बटरफ्लाइ इवेंट और 200 मीटर बटरफ्लाइ इवेंट में भी सेमीफाइनल में नहीं जा सके थे। भारत के लिये राष्ट्रमंडल खेलों 2026 की तैराकी स्पर्धा में पैरा तैराक प्रशांत करमाकर ही पदक जीत सके हैं । उन्होंने 2010 में दिल्ली में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस9 वर्ग में कांस्य पदक जीता था और देश का नाम रोशन किया था।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें