स्पोर्ट्स

नीदरलैंड के खिलाफ वापसी के इरादे से उतरेगी भारतीय पुरुष हॉकी टीम

भारतीय हॉकी टीम नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में हिसाब बराबर करने के इरादे से उतरेगी। टीम की कोशिश सोमवार को यहां होने वाले पहले मैच में मिली हार से उबरकर जीत दर्ज करने की होगी। भारत फिलहाल 15 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है।

Image

भारतीय हॉकी टीम (साभार-x)

भारतीय पुरुष हॉकी टीम एफआईएच प्रो लीग के यूरोपीय चरण में नीदरलैंड के खिलाफ सोमवार को यहां होने वाले मैच में पहले मैच में मिली हार से उबरकर जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी। भारत ने शनिवार को पहले मैच में एक गोल की बढ़त गंवा दी और उसे ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने पहले हाफ के शुरू में अच्छा प्रदर्शन किया और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिला दी।

नीदरलैंड ने हालांकि शानदार वापसी की तथा थिज वान डैम के दो गोल की मदद से जीत हासिल की। डैम के गोल में 58वें मिनट में किया गया विजयी गोल भी शामिल था। प्रतियोगिता में अभी सात मैच और खेले जाने बाकी हैं और भारत फिलहाल 15 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है।

भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने मैच के बाद कहा, ‘‘हमने पहले हाफ में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन तीसरा क्वार्टर उतना अच्छा नहीं रहा। चौथे क्वार्टर में हमने फिर से अच्छा प्रदर्शन किया और गेंद पर कब्ज़ा करने में सफल रहे, लेकिन हम गोल पर कोई शॉट नहीं लगा पा रहे थे। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह से हारना दुर्भाग्यपूर्ण था, क्योंकि मुझे लगा था कि हम ड्रॉ के लिए प्रयास कर सकते हैं। हम विशेष कर नीदरलैंड जैसी टीम के खिलाफ जितना हो सके उतना अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं।’’

अगले वर्ष होने वाले विश्व कप में स्थान पक्का करने के लिए भारत का लक्ष्य शेष मैचों में अच्छा प्रदर्शन करना तथा अपने मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ अधिकतम अंक हासिल करना होगा। भारत ने इस साल की शुरुआत में प्रो लीग का घरेलू चरण भुवनेश्वर में खेला था, जहां उसने आठ मैचों में पांच जीत के साथ 15 अंक हासिल किए थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!