स्पोर्ट्स

FIH प्रो लीग हॉकी के यूरोपीय चरण में भारत को मिली अर्जेंटीना के खिलाफ हार

भारतीय पुरुष हॉकी टीम को FIH प्रो लीग हॉकी के यूरोपीय चरण में भारतीय टीम को अखिरी मिनट में किया गया गोल नाटकीय तरीके से खारिज किए जाने की वजह से नीदरलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

Image

भारतीय पुरुष हॉकी टीम

एम्सटेलवीन (नीदरलैंड): भारत का आखिरी मिनटों में पेनल्टी पर किया गया गोल नाटकीय परिस्थितियों में खारिज कर दिया गया और फिर जुगराज सिंह गोल करने में विफल रहे जिससे टीम को एफआईएच प्रो लीग हॉकी के यूरोपीय चरण में बृहस्पतिवार को अर्जेंटीना से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम की इस दौरे पर यह चार मैचों में चौथी हार है।

ड्रैग फ्लिकर जुगराज ने चौथे मिनट में ही मैच के पहले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को बढ़त दिलाई लेकिन टॉमस डोमेने (नौवें और 49वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर से दो गोल करके अर्जेंटीना को जीत दिला दी। चौथे और अंतिम क्वार्टर में 1-2 से पिछड़ने के बाद भारत को अंतिम हूटर से दो मिनट पहले पेनल्टी स्ट्रोक मिला और जुगराज ने गेंद को अर्जेंटीना के गोल पोस्ट के अंदर डाल दिया। अर्जेंटीना ने इस आधार पर वीडियो रेफरल मांगा कि स्ट्रोक लेते समय जुगराज का बायां पैर गेंद से काफी आगे था।

वीडियो अंपायर ने अर्जेंटीना के पक्ष में फैसला सुनाया लेकिन भारत की अगुवाई कर रहे कप्तान हार्दिक सिंह ने रेफरी से यह जांचने के लिए कहा कि क्या जुगराज के स्ट्रोक लेने से पहले अर्जेंटीना के गोलकीपर टॉमस सैंटियागो गोल-लाइन से आगे थे। इस बार भारत को वीडियो अंपायर से अनुकूल फैसला मिला। जुगराज को स्ट्रोक फिर से लेने की अनुमति दी गई, लेकिन इस बार सैंटियागो ने उनके शॉट को बचा लिया।

नियमित कप्तान हरमनप्रीत सिंह उंगली की चोट के कारण बाहर है ऐसे में हार्दिक ने भारत की अगुआई की। अर्जेंटीना को आठ पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि भारत को सिर्फ तीन मिले। भारत को इससे पहले बुधवार को इसी प्रतिद्वंद्वी से 3-4 से हार का सामना करना पड़ा था। भारत प्रो लीग के इस यूरोपीय चरण के दौरान ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड से 1-2 और 2-3 से हार गया था। यह भारत का यहां चौथा और आखिरी मैच था और अब टीम शनिवार को मजबूत ऑस्ट्रेलिया का सामना करने के लिए बेल्जियम के एंटवर्प की यात्रा करेंगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article