स्पोर्ट्स

एशिया कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान, हरमनप्रीत को मिली कमान

Indian Hockey Team for Asia Cup 2025: बिहार के राजगीर में होने वाले एशिया कप के लिये 18 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान बुधवार को किया गया जिसमें फॉरवर्ड शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह ने अपनी जगह बरकरार रखी है ।टूर्नामेंट 29 अगस्त से सात सितंबर तक खेला जायेगा जिसके विजेता को अगले साल एफआईएच पुरूष विश्व कप में सीधे प्रवेश मिलेगा जो 14 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम में होना है ।

Image

भारतीय हॉकी टीम (फोटो- PIBX)

Indian Hockey Team for Asia Cup 2025: बुधवार को बिहार के राजगीर में होने वाले एशिया कप 2025 के लिए भारतीय हॉकी टीम का ऐलान किया गया। चयनकर्ताओं ने 18 सदस्यीय टीम घोषित की, जिसमें फॉरवर्ड शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह ने अपनी जगह बनाए रखी है। यह टूर्नामेंट 29 अगस्त से 7 सितंबर तक खेला जाएगा।इस चैंपियनशिप का विजेता सीधे अगले साल होने वाले एफआईएच पुरुष विश्व कप 2026 में जगह बनाएगा, जिसका आयोजन 14 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम में होगा।

हरमनप्रीत सिंह होंगे कप्तान

टीम की कमान अनुभवी ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में डिफेंस और पेनल्टी कॉर्नर की जिम्मेदारी और भी मजबूत मानी जा रही है।

टीम चयन और बदलाव

इस टीम में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हिस्सा लेने वाले राजिंदर सिंह, शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह को बनाए रखा गया है।राजिंदर सिंह को शमशेर सिंह की जगह शामिल किया गया।शिलानंद लाकड़ा ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने वाले ललित उपाध्याय की जगह ली।बता दें कि स्ट्राइकर ललित उपाध्याय ने जून में एफआईएच प्रो लीग के यूरोप चरण के बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लिया था।

भारत का पूल और मुकाबले

भारत को एशिया कप में पूल ए में रखा गया है, जहां उसका सामना जापान, चीन और कजाखस्तान से होगा।

29 अगस्त : भारत बनाम चीन

31 अगस्त : भारत बनाम जापान

1 सितंबर : भारत बनाम कजाखस्तान

गोलकीपिंग और डिफेंस

गोलपोस्ट की जिम्मेदारी कृशन बी पाठक और सूरज करकेरा पर होगी।डिफेंस में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के साथ अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय और जुगराज सिंह को चुना गया है। यह डिफेंस लाइन टीम को मजबूती देने के साथ पेनल्टी कॉर्नर पर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मिडफील्ड और फॉरवर्ड लाइन

मिडफील्ड में टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह, उनके साथ विवेक सागर प्रसाद, राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल और हार्दिक सिंह जिम्मेदारी संभालेंगे।फॉरवर्ड पंक्ति की कमान मनदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह को सौंपी गई है। ये खिलाड़ी आक्रामक खेल के लिए जाने जाते हैं।

रिजर्व खिलाड़ी और कोच की प्रतिक्रिया

टीम प्रबंधन ने नीलम संजीप सेस और सेल्वम कार्ति को रिजर्व खिलाड़ियों के तौर पर रखा है।मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा कि “हमने एक अनुभवी टीम चुनी है। एशिया कप हमारे लिए बेहद अहम टूर्नामेंट है क्योंकि यह विश्व कप क्वालीफिकेशन से जुड़ा हुआ है। हमें ऐसे खिलाड़ी चाहिए जो दबाव में अच्छा प्रदर्शन कर सकें।”

भारतीय टीम (एशिया कप 2025)

गोलकीपर : सूरज करकेरा, कृशन बी पाठक

डिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय, जुगराज सिंह

मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह

फॉरवर्ड : मनदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह

रिजर्व : नीलम संजीप सेस, सेल्वम कार्ति

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article