स्पोर्ट्स

एशियन गेम्स की नाकामी भुलाकर नई शुरुआत करेंगी पीवी सिंधू, आर्कटिक ओपन में दिखाएंगी दम

PV Sindhu Arctic Open Super 500: पीवी सिंधू का ​आर्कटिक ओपन में पहला मुकाबला एक क्वालीफायर से होगा, जहां से वह जीत के साथ शुरुआत करना चाहेंगी।​ पुरुष सिंगल्स में फैंस की नजरें किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय पर होंगी। दोनों एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज जीतने वाली पुरुष टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था।

Image

पीवी सिंधू (फोटो साभार- X)

PV Sindhu Arctic Open Super 500: एशियाई खेलों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अब वापसी को तैयार हैं। दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधू की अगुवाई में भारतीय शटलर मंगलवार से शुरू हो रहे 5 लाख डॉलर इनामी आर्कटिक ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट में अपने BWF सीजन की नई शुरुआत करेंगे। एशियाई खेलों में भारतीय बैडमिंटन को सिर्फ एक मेडल मिला था, जो उम्मीद से काफी कम था। सिंधू को महिला सिंगल्स के क्वार्टरफाइनल में चीन की चेन युफेई के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार झेलनी पड़ी थी। लेकिन 31 साल की सिंधू इस समय अच्छी फॉर्म में हैं। उन्होंने इसी साल जापान ओपन का खिताब जीता है।

जीत के साथ शुरुआत चाहेंगी सिंधू

पीवी सिंधू का आर्कटिक ओपन में पहला मुकाबला एक क्वालीफायर से होगा, जहां से वह जीत के साथ शुरुआत करना चाहेंगी। पुरुष सिंगल्स में फैंस की नजरें किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय पर होंगी। दोनों एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज जीतने वाली पुरुष टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था। अब दोनों अपनी खोई हुई फॉर्म वापस पाने की कोशिश करेंगे। श्रीकांत का पहला मैच कनाडा के ब्रायन यांग से होगा, जबकि प्रणय के सामने कड़ी चुनौती है। उन्हें पहले ही राउंड में डेनमार्क के चौथी वरीयता प्राप्त एंडर्स एंटोनसेन से भिड़ना होगा।

महिला सिंगल्स में युवा खिलाड़ी

महिला सिंगल्स में युवा खिलाड़ियों पर भी नजर रहेगी। ताइपे ओपन सुपर 300 जीतने वाली तन्वी शर्मा का सामना चीनी ताइपे की चियू पिन-चियान से होगा। वियतनाम ओपन सुपर 100 में रनर-अप रही इशारानी बरुआ को पहले राउंड में ही थाईलैंड की टॉप सीड रत्चानोक इंतानोन जैसी दिग्गज से खेलना है। वहीं कोरिया मास्टर्स सुपर 300 में अपना पहला BWF वर्ल्ड टूर खिताब जीतने वाली अश्मिता चालिहा की टक्कर डेनमार्क की सातवीं वरीयता प्राप्त लाइन क्रिस्टोफरसन से होगी। युवा उन्नति हुड्डा का सामना चीन की हान कियान शी से होगा।

पुरुष डबल्स का मुकाबला

पुरुष डबल्स में भारत के हरिहरन आमसकारुनन और एमआर अर्जुन की जोड़ी इंग्लैंड के एलेक्स ग्रीन और जैक रस के खिलाफ उतरेगी। जबकि पांचवीं वरीयता प्राप्त कृष्णा प्रसाद गरागा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय को चीन के हे जी टिंग और रेन जियांग यू की मजबूत जोड़ी से खेलना है। कुल मिलाकर आर्कटिक ओपन भारतीय बैडमिंटन के लिए एशियाई खेलों की निराशा को पीछे छोड़कर वापसी का बड़ा मौका है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article