नई दिल्ली: भारत के शीर्ष भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा को शनिवार को पहली बार आयोजित भारतीय एथलेटिक्स पुरस्कार समारोह में साल 2025 के ’सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक और उसके बाद पेरिस में रजत पदक जीतने वाले चोपड़ा ने कहा कि यह सम्मान उनके दिल के बहुत करीब है क्योंकि यह अलग-अलग पीढ़ियों के खिलाड़ियों की मौजूदगी में मिला है। चोपड़ा ने कहा,'यह पुरस्कार मेरे दिल के बहुत नजदीक है। यहां एथलीटों की पुरानी और नयी पीढ़ी मौजूद है। उनके सामने यह पुरस्कार पाकर मैं बहुत खुश हूं।'
डायमंड लीग में हिस्सा लेकर अवार्ड समारोह में हुए शामिल
चोपड़ा ने शुक्रवार रात दोहा डायमंड लीग में हिस्सा लिया था, जहां 28 साल के इस खिलाड़ी ने अपने तीसरे प्रयास में 85.69 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और सत्र की पहली प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर रहे। चोपड़ा दोहा से इस समारोह में शामिल होने के लिए यहां पहुंचे।
पारुल चौधरी बनीं साल की सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट
वहीं साल की ’सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट’ का पुरस्कार पारुल चौधरी को मिला जो 3000 मीटर स्टीपलचेज में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी हैं। मशहूर धाविका और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा को ’लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पूर्व डेकाथलीट गुरबचन सिंह रंधावा, राष्ट्रीय टीम के पूर्व मुख्य कोच बहादुर सिंह चौहान और विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली लंबी कूद एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज को भी यह सम्मान मिला।
पुरस्कार विजेताओं की लिस्ट
2025 के बेस्ट पुरुष एथलीट: नीरज चोपड़ा
साल की बेस्ट महिला एथलीट: 2025
लाइफ-टाइम अचीवमेंट एथलेटिक्स अवॉर्ड: पीटी उषा, गुरबचन सिंह रंधावा, बहादुर सिंह चौहान, अंजू बॉबी जॉर्ज
पहली बार 10 वर्ग में दिए गए अवॉर्ड
पहले पुरस्कार समारोह में 10 वर्ग शामिल थे जिनमें सर्वश्रेष्ठ एथलीट (पुरुष और महिला), सर्वश्रेष्ठ कोच, सर्वश्रेष्ठ तकनीकी अधिकारी, सर्वश्रेष्ठ राज्य संघ और ’लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार शामिल हैं।
