स्पोर्ट्स

मेसी के संन्यास पर अर्जेंटीना का इमोशनल ट्रिब्यूट, हर मैच में 10वें मिनट पर बजेगी ताली

AFA Tribute To Messi: मेसी ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर संन्यास का ऐलान कर 21 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर पर पर्दा गिरा दिया। उन्होंने लिखा कि फाइनल के बाद काफी समय बीत गया, बहुत सोचने के बाद मैं सभी को बताना चाहता हूं कि मैं नेशनल टीम से रिटायर हो रहा हूं।

Image

मेसी को अनोखा ट्रिब्यूट (फोटो साभार- X)

AFA Tribute To Messi: फुटबॉल के जादूगर लियोनेल मेसी ने इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा कह दिया है और पूरा अर्जेंटीना उनकी इस विदाई को यादगार बनाने की तैयारी में है। अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) ने ऐलान किया है कि इस वीकेंड अर्जेंटीना में होने वाले हर फुटबॉल मैच को 10वें मिनट में 60 सेकेंड के लिए रोका जाएगा और मेसी के सम्मान में तालियां बजाई जाएंगी।

मेसी के लिए अनोखा ट्रिब्यूट

AFA ने बुधवार देर रात जारी बयान में कहा, "आगामी मैचडे में पुरुष और महिला दोनों डिवीजनों के सभी मैचों के पहले हाफ के 10वें मिनट में खेल को रोककर एक मिनट तक तालियां बजाई जाएंगी, ताकि अर्जेंटीना नेशनल टीम के साथ लियोनेल मेसी के करियर को सम्मान दिया जा सके।" साथ ही जिन स्टेडियमों में स्क्रीन हैं, उन्हें मैच शुरू होने से पहले AFA का एक स्पेशल वीडियो चलाने का निर्देश भी दिया गया है। 10वें मिनट में मैच रोकना मेसी की आइकॉनिक नंबर 10 जर्सी को ट्रिब्यूट है, जिसे उन्होंने अपने पूरे करियर में पहना है।

21 साल के करियर का हुआ अंत

मेसी ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर संन्यास का ऐलान कर 21 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर पर पर्दा गिरा दिया। उन्होंने लिखा, "फाइनल के बाद काफी समय बीत गया, बहुत सोचने के बाद मैं सभी को बताना चाहता हूं कि मैं नेशनल टीम से रिटायर हो रहा हूं। यह फैसला दिल को दुख पहुंचाने वाला था और अब भी है, लेकिन मैं समझता हूं कि यही सही समय है। मैं कसम खाकर कहता हूं कि मैंने हमेशा सब कुछ दिया, सिर्फ पिछले कुछ सालों में जब हमने सब कुछ जीता तब ही नहीं, बल्कि उससे पहले भी। मैंने हमेशा इस जर्सी के लिए मैदान पर सब कुछ झोंक दिया।"

39 साल के मेसी का सफर निराशाओं से शुरू हुआ था। 2014 वर्ल्ड कप फाइनल में जर्मनी से हार और 2016 कोपा अमेरिका फाइनल में चिली से हार के बाद उन्होंने 2021 में अर्जेंटीना को 28 साल बाद पहला बड़ा खिताब दिलाया। फिर 2022 में कतर में वर्ल्ड कप जिताया, जहां उन्होंने फाइनल में फ्रांस के खिलाफ दो गोल किए और पेनल्टी शूटआउट में भी गोल दागा। 2024 में उन्होंने कोपा अमेरिका का खिताब भी रिटेन करवाया।

मेसी ने खेले 6 वर्ल्ड कप

मेसी ने 2006 से 2026 तक 6 वर्ल्ड कप खेले, उन्होंने इस दौरान 34 मैचों में 21 गोल किए। 2026 वर्ल्ड कप में उन्होंने 8 गोल और 4 असिस्ट किए, जिसमें अल्जीरिया के खिलाफ उनकी पहली वर्ल्ड कप हैट्रिक भी शामिल थी। 8 बार के बैलन डी'ओर विनर मेसी अब इंटर मियामी के साथ अपना क्लब करियर जारी रखेंगे।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article