स्पोर्ट्स

IND vs MAL: सुनील छेत्री ने गोल के साथ की संन्यास से वापसी, भारत ने मैत्री मैच में दी मालदीव को मात

भारत के स्टार फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री ने धमाकेदार अंदाज में गोल के साथ अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में वापसी की और मालदीव के खिलाफ मैत्री मैच में टीम इंडिया को जीत दिलाई। ऐसा रहा मैच का हाल।

Image

सुनील छेत्री

शिलांग: करिश्माई स्टार सुनील छेत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी करते हुए हेडर से शानदार गोल दागा जिससे भारत ने बुधवार को शिलांग में खेले गए मैत्री फुटबॉल मैच में मालदीव को 3-0 से हरा दिया। इस जीत से घरेलू टीम को नवंबर 2023 से शुरू हुए 12 मैच के हार के सिलसिले को तोड़ने में मदद मिली। राहुल भेके ने 35वें मिनट में भारत को बढ़त दिलाई। इससे बाद लिस्टन कोलाको ने 66वें मिनट में गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया था।

हेडर के जरिए छेत्री ने किया गोल

पिछले साल मई में संन्यास लेने के बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी करने वाले 40 वर्षीय छेत्री ने इस दिन को यादगार बना दिया। उन्होंने 77वें मिनट में हेडर से भारत के लिए तीसरा गोल करके अपना 95वां अंतरराष्ट्रीय गोल दाग दिया। कप्तान छेत्री 47वें मिनट में भी गोल करने के करीब पहुंचे थे लेकिन मालदीव के गोलकीपर ने उनका प्रयास विफल कर दिया था। 82वें मिनट में मैदान में उनकी जगह दूसरे खिलाड़ी को उतारा गया।

16 महीने में भारत ने दर्ज की पहली जीत

यह 16 महीनों में भारत की पहली जीत है और मानोलो मार्केज के मार्गदर्शन में भी पहली जीत है जिन्हें पिछले साल जुलाई में मुख्य कोच बनाया गया था। भारत को इससे पहले आखिरी जीत 16 नवंबर 2023 को कुवैत सिटी में 2026 फीफा विश्व कप क्वालीफाइंग दौर के मैच में कुवैत (1-0) के खिलाफ मिली थी। बुधवार से पहले मार्केज के मार्गदर्शन में भारत एक बार हारा और तीन मैच ड्रॉ खेले।

बांग्लादेश के खिलाफ एएफसी क्वालीफायर 25 को

यह मैच एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर के लिए एक ड्रेस रिहर्सल था जो 25 मार्च को इसी स्थान पर बांग्लादेश के खिलाफ खेला जाएगा। छेत्री ने इस महीने की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय संन्यास से वापसी करने का फैसला किया ताकि टीम एएफसी एशियाई कप के क्वालीफायर में सफलतापूर्वक आगे बढ़ सके जिसकी शुरूआत 25 मार्च के मुकाबले से होगी। मालदीव विश्व रैंकिंग में 162वें स्थान पर काबिज है जो भारत (126) से 36 स्थान नीचे है। वहीं शिलांग में यह पहला अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच भी है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article