स्पोर्ट्स

बदलने वाला है फुटबॉल वर्ल्ड कप का इतिहास... FIFA वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी 10 खास बातें, क्यों इस बार है खास

How FIFA World Cup 2026 Is Different: फुटबॉल जगत का सबसे बड़ा टूर्नामेंट फीफा विश्व कप 2026 अगले महीने शुरू होने जा रहा है। इस बार का फुटबॉल वर्ल्ड कप सबसे अलग होने वाला है। क्या है इसकी वजह, आइए 10 खास बातों से जानते हैं।

Image

क्यों अलग है फीफा विश्व कप 2026

KEY HIGHLIGHTS
  • फीफा विश्व कप 2026
  • आखिर क्यों खास है इस बार फुटबॉल महाकुंभ
  • टूर्नामेंट से जुड़ी 10 बेहद खास बातें

All You Need To Know About FIFA World Cup 2026: दुनिया का सबसे सस्ता खेल कैसे बन गया दुनिया में सबसे ज्यादा लोकप्रिय और सबसे महंगे खेलों में से एक, ये एक अलग चर्चा है और इतिहास गवाह है कि फुटबॉल के खेल ने सालों से ऐसी फैन फॉलोइंग तैयार की है जिसने अन्य खेलों को पीछे छोड़ दिया। जब हर चार साल में बारी आती है फीफा वर्ल्ड कप की, तब ये दीवानगी और खास हो जाता है और फैंस को जुनून सातवें आसमान पर पहुंच जाता है। अब वो पल एक बार फिर आ रहा है जब यही सब कुछ दुनिया अनुभव करने वाली है। अगले महीने से शुरू हो रहा है फुटबॉल का महाकुंभ और हम यहां जानेंगे इस सबसे बड़े फुटबॉल इवेंट की वो 10 बातें जो इसे अब तक का सबसे खास टूर्नामेंट बनाने जा रहा है।

फीफा वर्ल्ड कप कब शुरू हो रहा हैः फुटबॉल विश्व कप 2026 का आगाज 11 जून को होने जा रहा है और ये टूर्नामेंट 19 जून 2026 तक चलेगा। चमचमाती गोल्डन ट्रॉफी को हासिल करने के लिए दुनिया के तमाम देश के तमाम धुरंधर खिलाड़ी अपने देश की टीम को जिताने के लिए जद्दोजहद करते नजर आएंगे।

1. पहली बार 48 देशों का टूर्नामेंट

फीफा वर्ल्ड कप 2026 पहला ऐसा फुटबॉल वर्ल्ड कप होने जा रहा है जहां 48 देशों की टीमें हिस्सा लेने वाली हैं। इससे पहले टूर्नामेंट 32 देशों की टीमों का हुआ करता था लेकिन इस बार टीमों की संख्या में बड़ा इजाफा हो गया है।

2. सबसे ज्यादा मैच होंगे

जिस तरह से टीमों की संख्या 48 हो चुकी है, उसी तरह अब मैचों की संख्या में भी रिकॉर्ड इजाफा हो चुका है। फीफा विश्व कप 2026 में रिकॉर्ड 104 मैच खेले जाएंगे।

3. नए राउंड की होगी एंट्री

टूर्नामेंट के फॉर्मेट में भी खास बदलाव देखने को मिलने वाला है। फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में नॉक-आउट स्टेज में नया राउंड ऑफ 32 शामिल किया गया है जिससे टूर्नामेंट और भी रोमांचक हो जाएगा।

4. पहली बार तीन मेजबान देश

फुटबॉल वर्ल्ड कप इतिहास में पहली बार ऐसा होने जा रहा है जब एक या दो नहीं बल्कि तीन देश मिलकर इस फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहे हैं। मेजबान देश होंगे मेक्सिको, कनाडा और यूएसए।

FIFA World Cup 2026 Venues

FIFA World Cup 2026 Venues

(AI-Generated)

5. कितने शहरों में होने जा रहे हैं मैच

इस बार फीफा वर्ल्ड कप में जैसा कि आपको बताया कि तीन देश मेजबानी करने जा रहे हैं, उसी तरह वेन्यू शहरों की संख्या भी बढ़ गई है। टूर्नामेंट के मैच इस बार 16 शहरों में होंगे। इसमें 11 शहर यूएसए के होंगे, तीन शहर मेक्सको के होंगे और दो शहर कनाडा में होंगे।

6. टूर्नामेंट में होंगे 12 ग्रुप

फीफा विश्व कप 2026 में पहली बार 12 ग्रुप देखने को मिलने जा रहे हैं। 48 टीमों के इस टूर्नामेंट में 12 ग्रुप होंगे और हर ग्रुप में 4-4 टीमें होंगी। इससे टूर्नामेंट में मैचों की संख्या अपने आप बढ़ जाएगी।

7. मेक्सिको रचने जा रहा है इतिहास

फीफा विश्व कप 2026 में मेक्सिको एक नया इतिहास रचने जा रहा है। मेक्सिको दुनिया का पहला ऐसा देश बनेगा जो तीसरी बार फुटबॉल वर्ल्ड कप का मेजबान बनेगा। उसने इससे पहले 1970 और 1986 में भी वर्ल्ड कप मैचों की मेजबानी की है।

8. कई देशों का पहला फुटबॉल वर्ल्ड कप

इस बार उन देशों की संख्या सबसे ज्यादा होने वाली है जो पहली बार फीफा विश्व कप में खेलने उतरेंगे। इसमें काबो वर्डे, कुराकाओ, उजबेकिस्तान और जॉर्डन जैसे देशों के नाम भी शामिल हैं।

Ronaldo And Messi To Play Thier Last FIFA World Cup

Ronaldo And Messi To Play Thier Last FIFA World Cup

9. महान खिलाड़ियों का आखिरी वर्ल्ड कप

फीफा विश्व कप 2026 कुछ महान खिलाड़ियों का अंतिम फुटबॉल वर्ल्ड कप भी होना तय है। इसमें सबसे ऊपर जिन दो खिलाड़ियों का नाम आता है वो अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी और पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो।

10. ईरान के हिस्सा लेने पर रहेगी नजर

ईरान फुटबॉल विश्व कप इतिहास की खास टीमों में से रहा है लेकिन इस बार स्थिति थोड़ी अलग है। मिडिल ईस्ट में जैसी युद्ध की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में ईरान खेलेगा या नहीं खेलेगा ये देखने वाली बात होगी।

अब दिलचस्प चीज ये है कि फीफा विश्व कप में विजेता कौन होने वाला है क्योंकि सभी टीमें टक्कर जबरदस्त देने वाली हैं और हमेशा से ये उलटफेर वाली चैंपियनशिप रही है। फिलहाल अर्जेंटीना डिफेंडिंग चैंपियन है।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article