स्पोर्ट्स

ब्राजील के पूर्व दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी रॉबर्टो कार्लोस ने हार्ट सर्जरी के बाद जारी किया बयान

ब्राजील के पूर्व दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी रॉबर्टो कार्लोस ने अपनी सेहत को लेकर बयान जारी किया है। दिल का दौरा पड़ने के बाद उनकी हार्ट सर्जरी हुई है।

Image

रॉबर्टो कार्लोस (फोटो क्रेडिट @BrasilEdition X)

साओ पाउलो (ब्राजील): ब्राजील और रियाल मैड्रिड के पूर्व दिग्गज फुटबॉलर रॉबर्टो कार्लोस ने पुष्टि की कि बुधवार को उनके दिल की सर्जरी हुई थी और अब वह अच्छा महसूस कर रहे हैं। कार्लोस ने सोशल मीडिया पर अस्पताल से एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें वह मुस्कुरा रहे हैं। इस 52 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा,'मुझे दिल का दौरा नहीं पड़ा। मैं अच्छी तरह से ठीक हो रहा हूं और जल्द ही पूरी तरह से स्वस्थ होकर अपने पेशेवर और व्यक्तिगत कार्यों को फिर से शुरू करने के लिए उत्सुक हूं।'

दिल का दौरा पड़ने के बाद की गई कोरोनरी एंजियोप्लास्टी

इस बीच साओ पाउलो के विला नोवा स्टार अस्पताल ने बयान में कहा कि रॉबर्टो कार्लोस को सोमवार को हृदय में कुछ परेशानी महसूस हुई और उन्हें उसी दिन कोरोनरी एंजियोप्लास्टी कराने की सलाह दी गई। यह प्रक्रिया न्यूनतम चीर-फाड़ वाली होती है और इसमें हृदय की अवरुद्ध या संकुचित धमनियों को चौड़ा किया जाता है।

स्थिर है ऑपरेशन के बाद हालत

विश्व कप विजेता और तीन बार के चैंपियंस लीग विजेता रहे कार्लोस ने कहा,'मैं हाल में एक चिकित्सा प्रक्रिया से गुजरा जिसकी योजना मेरी मेडिकल टीम के साथ पहले से ही बनाई गई थी। यह प्रक्रिया सफल रही और मैं ठीक हूं।' अस्पताल ने बताया कि रॉबर्टो कार्लोस की हालत स्थिर है और चिकित्सा प्रोटोकॉल के कारण उन्हें गहन चिकित्सा इकाई में में रखा जाएगा।

कार्लोस थे 2002 की वर्ल्ड चैंपियन टीम के सदस्य

रॉबर्टो कार्लोस ने ब्राजील के लिए 125 मैच खेले। वह 11 वर्ष तक रियाल मैड्रिड के लिए खेलते रहे। वह वर्तमान में इस स्पेनिश क्लब के दूत हैं। रॉबर्टो कार्लोस ब्राजील की उस विश्व कप टीम के सदस्य थे जिसने 1998 में फाइनल में जगह बनाई और 2002 में जीत हासिल की। उन्होंने ब्राजील को 1997 और 1999 में कोपा अमेरिका का खिताब दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article