स्पोर्ट्स

फीफा विश्व कप ट्रॉफी की कीमत जानकर उड़ जाएंगे होश, असली 18 कैरेट सोने से बनी

FIFA World Cup Trophy Price: दुनिया की प्रमुख खेल ट्रॉफियों में फीफा विश्व कप इकलौती ट्रॉफी है जो सोने से बनी है। यूएफा चैंपियंस लीग और यूरोपा लीग की ट्रॉफियां स्टर्लिंग सिल्वर से बनती हैं। फीफा विश्व कप ट्रॉफी में लगे सोने का बाजार मूल्य बढ़कर लगभग 7.13 लाख डॉलर यानी 6.73 करोड़ रुपये हो गया है।

Image

फीफा विश्व कप ट्रॉफी की कीमत (FIFA)

FIFA World Cup Trophy Price: वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में आई ऐतिहासिक तेजी का असर अब फुटबॉल की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर भी साफ दिख रहा है। फीफा विश्व कप ट्रॉफी में लगे सोने का बाजार मूल्य बढ़कर लगभग 7.13 लाख डॉलर यानी 6.73 करोड़ रुपये हो गया है। वित्तीय बाजार डेटा प्रदाता एलएसईजी के मुताबिक यह आंकड़ा 2022 कतर विश्व कप के समय की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा है। फीफा विश्व कप ट्रॉफी 18 कैरेट सोने से बनी है। इसका कुल वजन 6.175 किलोग्राम है, जिसमें करीब 4.93 किलोग्राम शुद्ध सोना शामिल है। पिछले दो साल में भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध की अनिश्चितता और वैश्विक अर्थव्यवस्था की सुस्त रफ्तार ने निवेशकों को सोने की तरफ मोड़ा। इसी का नतीजा है कि ट्रॉफी में जड़ा सोना भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया।

52 साल में ट्रॉफी का दाम बढ़ा 28 गुना

एलएसईजी मेटल्स रिसर्च के वरिष्ठ धातु विश्लेषक देबाजित साहा कहते हैं, "सोने की कीमतों में हाल के शिखर से थोड़ी नरमी आई है, लेकिन लंबी अवधि का रुझान अब भी बेहद मजबूत है। खिलाड़ियों के लिए विश्व कप ट्रॉफी का महत्व अमूल्य है, लेकिन इसमें मौजूद सोने का मूल्य बताता है कि वर्षों में कीमती धातु की कीमत कितनी तेजी से बढ़ी है।" आंकड़े इस बदलाव की कहानी खुद बयां करते हैं। जब दिसंबर 2022 में अर्जेंटीना ने कतर में खिताब जीता था, तब ट्रॉफी के सोने का मूल्य करीब 2.77 लाख डॉलर था। वहीं 1974 में जब मौजूदा डिजाइन की ट्रॉफी पहली बार दी गई थी, तब इसमें लगे सोने की कीमत सिर्फ 25,000 डॉलर थी। यानी 52 साल में ट्रॉफी का मेटल वैल्यू 28 गुना बढ़ गया।

इकलौती ट्रॉफी जो सोने से बनी

दुनिया की प्रमुख खेल ट्रॉफियों में फीफा विश्व कप इकलौती ट्रॉफी है जो सोने से बनी है। यूएफा चैंपियंस लीग और यूरोपा लीग की ट्रॉफियां स्टर्लिंग सिल्वर से बनती हैं। एलएसईजी के अनुसार चैंपियंस लीग ट्रॉफी की मेटल वैल्यू 16,950 डॉलर और यूरोपा लीग की 22,600 डॉलर है। अमेरिका की इंडियापोलिस 500 मोटर रेस की बोर्ग-वार्नर ट्रॉफी सबसे भारी ट्रॉफियों में है। 1.62 मीटर ऊंची इस ट्रॉफी में 69 किलोग्राम स्टर्लिंग सिल्वर है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.56 लाख डॉलर है। लेकिन शुद्ध सोने के मामले में फीफा ट्रॉफी का कोई मुकाबला नहीं। गौरतलब है कि फीफा 2026 विश्व कप 11 जून से अमेरिका में शुरू हो चुका है। 48 टीमों वाले इस टूर्नामेंट का फाइनल 19 जुलाई को खेला जाएगा। उस दिन जो टीम ट्रॉफी उठाएगी, उसके हाथों में सिर्फ फुटबॉल की शान ही नहीं, बल्कि 6.73 करोड़ रुपये का सोना भी होगा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article