FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 की खुमारी पूरी दुनिया पर छाई हुई है। जो टीमें इसमें हिस्सा ले रही हैं, उनके देश के लोग तो फुटबाल के लिए दीवाने हैं ही। लेकिन जिस देश की टीमें इस वर्ल्ड कप में नहीं खेल रही हैं, वहां के लोग भी फुटबॉल में जबरदस्त दिलचस्पी ले रहे हैं। इस बीच कतर देश की सरकार ने अपनी टीम के समर्थन में एक अनोखा फैसला लिया है। कतर की सरकार ने फीफा वर्ल्ड कप में अपनी राष्ट्रीय टीम का समर्थन करने के लिए कतर के करीब 1000 फुटबॉल प्रशंसकों को सरकारी खर्चे पर कनाडा भेजा है। कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी की पहल पर कतर फुटबॉल एसोसिएशन ने एक सरकारी पब्लिक फंड के जरिए इन फैंस की यात्रा, होटल और ठहरने का पूरा इंतजाम किया है।
विशेष चार्टर्ड प्लेन से भेजा गया कनाडा
कतर के फुटबॉल प्रशंसक तीन विशेष चार्टर्ड जेट विमानों से पहले अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को पहुंचे, जहां कतर ने स्विट्जरलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच 1-1 से ड्रॉ खेला था। इसके बाद फैंस को सैन फ्रांसिस्को से वैंकूवर की फ्लाइट से लाया गया। कनाडा के खिलाफ BC प्लेस स्टेडियम में होने वाले ग्रुप स्टेज मैच से पहले ये सभी फेयरमोंट और जेडब्ल्यू मैरियट पार्क जैसे आलीशान होटलों में ठहरे हुए हैं। वैंकूवर की सड़कों पर कतरी प्रशंसक पारंपरिक 'दरबुका' ढोल बजाकर और नाच-गाकर माहौल बना रहे हैं। लाल-मरून जर्सी पहने फैंस का जत्था शहर में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय लोगों और टूरिस्ट्स के साथ फोटो खिंचवाने से लेकर कतर का झंडा लहराने तक, फैंस अपनी टीम के लिए जोश भर रहे हैं।
कतर के कप्तान ने जताया आभार
कतर के कप्तान अब्दुल अज़ीज हातेम ने टीम की ओर से फैंस का आभार जताया। उन्होंने कहा, "सबसे पहले मैं उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जो इतनी दूर से हमारा हौसला बढ़ाने आए हैं। हम अपनी जिम्मेदारी को अच्छी तरह से समझते हैं। हम मैदान पर अपना 100 प्रतिशत देंगे ताकि स्टेडियम से हमारे फैंस खुश होकर जाएं और हम पर गर्व महसूस करें।" हालांकि, कतर फुटबॉल एसोसिएशन ने यह साफ नहीं किया कि मैचों के टिकट भी फ्री दिए गए हैं या नहीं, लेकिन फैंस की फ्लाइट और फाइव-स्टार होटल का पूरा खर्च सरकार उठा रही है। इसके बाद यही फैंस सिएटल में होने वाले ग्रुप के आखिरी मैच के लिए भी जाएंगे।
पहली बार कतर ने किया है क्वालीफाई
बता दें कि कतर ने 2022 में फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी। इसी साल कतर ने मेजबान के तौर पर पहली बार फीफा वर्ल्ड कप खेला था, लेकिन 2026 में उसने पहली बार क्वालीफाई करके इस टूर्नामेंट में जगह बनाई है। फिलहाल, कतर की टीम फीफा रैंकिंग में 55वें नंबर पर है।
