स्पोर्ट्स

FIFA World Cup: आखिरी 20 मिनट में 5 गोल, स्विट्जरलैंड की बोस्निया एंड हर्जेगोविना पर शानदार जीत, मंजांबी ने रचा इतिहास

FIFA World Cup 2026, Switzerland vs Bosnia And Herzegovina Result: स्विट्ज़रलैंड और बोस्निया एंड हर्जेगोविना के बीच खेले गए फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-बी मैच में स्विस टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 4-1 से जीत दर्ज की, जिस दौरान उनके खिलाड़ी जोहान मंजांबी ने नया रिकॉर्ड बना दिया।

Image

जोहान मंजांबी ने स्विट्ज़रलैंड की जीत में रचा इतिहास

Photo : AP

FIFA World Cup 2026: स्विट्जलैंड और बोस्निया और हर्जेगोविना के बीच फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-बी का मैच बेहद दिलचस्प रहा।इस मुकाबले में स्विस टीम ने 4-1 से जीत हासिल की, लेकिन उससे भी दिलचस्प बात ये रही कि मैच के सभी गोल आखिरी 20 मिनट के अंदर आए। इस दौरान स्विट्जरलैंड के फ़ुटबॉलर जोहान मंजांबी ने इतिहास रचते हुए 24 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने लॉस एंजिल्स के सोफी स्टेडियम में बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ अपनी टीम की 4-1 से जीत में दो गोल किए। कतर के साथ अपना पहला मैच 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद, फीफा विश्व कप 2026 में स्विट्जरलैंड की यह पहली जीत थी। फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में ये पहला ऐसा मैच रहा जिसमें 5 गोल हुए और सभी गोल 70वें मिनट के बाद किए गए।

मैच में स्विस खिलाड़ी जोहान मंजांबी 72वें मिनट में तब बेंच से मैदान पर आए, जब स्कोरलाइन 0-0 थी। कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी थी। मंजांबी ने आते बी दो मिनट के अंदर ही गोल करके 74वें मिनट में स्विस टीम को बढ़त दिला दी। बाद में, 20 साल के इस खिलाड़ी ने 90वें मिनट में अपना दूसरा गोल करके अपनी टीम को 3-0 की बढ़त दिलाई।

मंजांबी ने वर्ल्ड कप के इतिहास में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करा लिया है। वह टूर्नामेंट के 96 साल के इतिहास में बेंच से आकर दो गोल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जो टूर्नामेंट के 2002 के संस्करण में बना था।

मंजांबी स्विट्ज़रलैंड के लिए फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में गोल करने वाले तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए और 1950 के बाद से सबसे युवा खिलाड़ी हैं। मंजांबी से कम उम्र में इस यूरोपीय देश के लिए सिर्फ अल्फ्रेड बिकेल (20 साल, 28 दिन) और चार्ल्स एंटेनन (20 साल, 241 दिन ने गोल किया था।

बेंच से आए खिलाड़ियों ने कर दिए 4 गोल

इस मैच में सब्स्टिट्यूट खिलाड़ियों ने कुल चार गोल किए। रूबेन वर्गास भी बेंच से आए थे, जबकि बोस्निया के गोल करने वाले एरिन महमिक भी शुरुआती प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे। फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में यह केवल दूसरा ऐसा मैच है जिसमें सब्स्टिट्यूट खिलाड़ियों ने चार गोल किए। इससे पहले 1982 में हंगरी बनाम अल साल्वाडोर मैच में ऐसा हुआ था, जिसमें सब्स्टिट्यूट खिलाड़ियों ने पांच गोल किए थे।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article