स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026: बोस्निया एंड हर्जेगोविना ने कतर को दी 3-1 से करारी मात, नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार

बोस्निया एंड हर्जेगोविना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुधवार को खेले गए ग्रुप बी के मुकाबले में कतर को 3-1 के अंतर से मात दी और अपनी नॉकआउट दौर में पहुंचने की संभावनाओं को जीवित रखा है।

Image

बोस्निया एंड हर्जेगोविना बनाम कतर

Photo : AP

सिएटल: फीफा विश्व कप 2026 में बोस्निया एंड हर्जेगोविना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुधवार को खेले गए ग्रुप बी के मुकाबले में कतर को 3-1 के अंतर से मात दी। इस जीत के साथ बोस्निया ने अंतिम-32 (नॉकआउट चरण) में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। टीम ग्रुप बी में स्विट्जरलैंड और कनाडा के बाद तीसरे स्थान पर रही और अब अगले दौर में पहुंचने की पुष्टि का इंतजार करेगी।

अमेरिका के सिएटल में खेले गए मुकाबले में बोस्निया ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। कतर के गोलकीपर महमूद अबुनादा को शुरुआती मिनटों में कई शानदार बचाव करने पड़े। मैच का पहला गोल 29वें मिनट में आया, जब 18 वर्षीय केरिम अलाजबेगोविच ने शानदार प्रयास से गोल दागा। उन्होंने दो खिलाड़ियों को छकाते हुए बॉक्स के बाहर से दमदार शॉट लगाया, जो सीधे गोलपोस्ट के ऊपरी कोने में जाकर लगा। इस गोल को विश्व कप के बेहतरीन गोलों में से एक माना जा सकता है।

इसके पांच मिनट बाद बोस्निया की बढ़त 2-0 हो गई। कप्तान एडिन जेको के शॉट के बाद गेंद कतर के खिलाड़ी सुल्तान अल-ब्रेक से टकराकर गोलकीपर महमूद अबुनादा के जरिए नेट में चली गई। इसे आत्मघाती या कहें ओन गोल माना गया। हालांकि कतर ने हार नहीं मानी। पहले हाफ के अंत से पहले एडमिल्सन जूनियर के शानदार पास पर कप्तान हसन अल-हैदोस ने करीब से गोल कर स्कोर लाइन को 2-1 कर दिया और अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा।

मैच के सेकेंड हाफ में कतर ने बराबरी के लिए लगातार कोशिश की। कोच जुलेन लोपेटेगी ने टीम के सबसे सफल गोल स्कोरर अलमोएज़ अली को भी मैदान पर उतारा, लेकिन टीम कोई और गोल नहीं कर सकी। इसके बाद बोस्निया ने 82वें मिनट में अपना तीसरा गोल कर मैच अपने नाम कर लिया। सब्स्टीट्यूट एर्मिन माहमिक का शॉट डिफेंडर से टकराया और दिशा बदलने के बाद गेंद गोल पोस्ट में चली गई। अंत में बोस्निया एंड हर्जेगोविना ने 3-1 से जीत दर्ज की। इस हार के साथ कतर का विश्व कप अभियान ग्रुप चरण में ही समाप्त हो गया, जबकि बोस्नियाई टीम नॉकआउट दौर में पहुंचने की उम्मीद के साथ अन्य मैचों के नतीजों का इंतजार करेगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article