स्पोर्ट्स

फाइनल से पहले मां की डांट बनी ईशा सिंह के लिए वरदान, एशियन गेम्स में जीता सिल्वर मेडल

Isha Singh: ईशा सिंह ने मेडल जीतने के बाद बताया कि वह काफी दबाव में थीं और सो नहीं पा रही थीं। फिर मां से बात हुई, जिसने सब कुछ बदल दिया। उन्होंने फाइनल से पहले फोन किया और डांटने लगी कि इतना तनाव क्यों ले रही हो।

Image

ईशा सिंह (फोटो साभार- eshasingh)

Isha Singh: एशियन गेम्स 2026 में महिला 25 मीटर पिस्टल के फाइनल से पहले हैदराबाद की 21 साल की शूटर ईशा सिंह बेहद दबाव में थीं। नींद नहीं आ रही थी, दिमाग में सिर्फ मेडल का टेंशन था। लेकिन फाइनल से एक रात पहले मां से मिली एक जोरदार डांट उनके लिए वरदान बन गई और अगले दिन उन्होंने रोमांचक मुकाबले में सिल्वर मेडल जीत लिया। ईशा इस इवेंट में वर्ल्ड नंबर 1 हैं। पिछले हांगझोउ एशियन गेम्स में उन्होंने 4 मेडल जीते थे, इसलिए इस बार उम्मीदें ज्यादा थीं। फाइनल से पहले वह मेंटल प्रेशर में आ गई थीं।

मां ने फाइनल से पहले लगाई डांट

ईशा ने खुद बताया, "मैं झूठ नहीं बोलूंगी। काफी दबाव में थी और सो नहीं पा रही थी। फिर मां से हुई बात ने सब कुछ बदल दिया। उन्होंने कल रात फोन किया और डांटने लगी कि इतना तनाव क्यों ले रही हो।" ईशा को उम्मीद थी कि मां से सहानुभूति मिलेगी, लेकिन मिला उल्टा। ईशा ने हंसते हुए कहा, "मैं हमदर्दी तलाश रही थी और मुझे भाषण मिल गया। मां ने मुझसे कहा कि खेल का आनंद लो। सभी को यह मौका नहीं मिलता। उन्होंने मुझे चुपचाप सोने के लिए कहा। मुझे लगता है कि वह डांट जरूरी थी।"

डांट के कारण जीत पाईं सिल्वर मेडल

ईशा ने बताया कि उस डांट का असर अगले दिन फाइनल में दिखा। फाइनल बेहद ड्रामेटिक रहा। ईशा ने 5 में से 5 हिट के साथ शुरुआत की, फिर बीच में एलिमिनेशन के करीब पहुंच गईं। 40 शॉट के बाद वह 31 पॉइंट पर थीं और मेडल खतरे में था। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। पहले ब्रॉन्ज-सिल्वर के लिए उत्तर कोरिया की किम ह्योन सुक के खिलाफ उन्हें 3 शूट-ऑफ खेलने पड़े। पहले दो टाई रहे, तीसरे में ईशा ने 3 हिट बनाम 2 से बाजी मारी और कम से कम सिल्वर पक्का किया। किम को 34 पॉइंट के साथ ब्रॉन्ज मिला। इसके बाद गोल्ड के लिए चीन की शियाओ जियारुईशुआन के साथ जंग हुई। दोनों रेगुलर फाइनल में 38-38 पर बराबर थीं। पहले गोल्ड शूट-ऑफ में भी बराबरी रही। दूसरे निर्णायक 5-शॉट में शियाओ ने 3 और ईशा ने 2 टारगेट हिट किए। सिर्फ एक निशाने से गोल्ड हाथ से निकल गया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article