स्पोर्ट्स

दीप्ति शर्मा ने खराब फील्डिंग की आलोचनाओं को दरकिनार किया, कहा- एशिया कप फाइनल के लिए तैयार है भारत

Deepti Sharma On Poor Fielding Of Indian women cricket team In Asia Cup: महिला एशिया कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपराजित रहते हुए फाइनल में एंट्री हासिल कर ली है, लेकिन इस बीच टीम की खराब फील्डिंग भी लगातार आलोचकों के निशाने पर रही। टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इन बातों को पूरी तरह से दरकिनार करते हुए कहा कि टीम फाइनल के लिए तैयार है।

Image

दीप्ति शर्मा (X/BCCIWomen)

भारत की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) ने एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में अब तक के शानदार प्रदर्शन के बावजूद खराब क्षेत्ररक्षण (Fielding) को लेकर जताई जा रही चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि कैच छूटना खेल का हिस्सा है और टीम फाइनल में हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

भारत ने इस टूर्नामेंट में अभी तक अपने सभी मैच जीते हैं लेकिन उसका क्षेत्ररक्षण अच्छा नहीं रहा है। विशेषकर उसने कई कैच छोड़े। सेमीफाइनल में भी बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम ने चार मौके गंवाए थे। दीप्ति ने भारत की सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ 40 रन की जीत के बाद कहा, "क्षेत्ररक्षण में एक टीम के तौर पर हम अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हम अभ्यास के दौरान भी क्षेत्ररक्षण पर काफी ध्यान दे रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि कभी-कभी ऐसा होता है, लेकिन हम फाइनल में तीनों विभागों में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।" फाइनल में भारत का सामना अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान या मौजूदा चैंपियन श्रीलंका से होगा। दीप्ति ने कहा कि टीम इन दोनों टीमों के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल को देखने के बाद अपनी रणनीति बनाएगी।

उन्होंने कहा, "इस मैच के बाद हम कल बैठक करेंगे। इससे हमें फाइनल के लिए रणनीति बनाने में और अधिक मदद मिलेगी।" दीप्ति ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए छह गेंदों में 13 रन बनाए और फिर गेंदबाजी करते हुए 36 रन देकर तीन विकेट लिए।

उन्होंने कहा, "जब भी मुझे बल्लेबाजी का मौका मिलता है, मुझे हमेशा भरोसा रहता है कि मैं बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकती हूं। मैं हमेशा टीम के लिए एक ऑलराउंडर के तौर पर योगदान देना चाहती हूं।"

पहले सेमीफ़ाइनल में बांग्लादेश को 40 रनों से हराकर भारत ने विमेंस T20 एशिया कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने 149/6 का स्कोर बनाया। इसके बाद भारत के स्पिनरों ने बांग्लादेश को 109/7 पर रोक दिया और शानदार जीत हासिल की।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article