स्पोर्ट्स

आईओए ने किया ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों के लिए शेफ डी मिशन के नाम का ऐलान, रोहित राजपाल के हाथ आई कमान

डेविस कप कप्तान रोहित राजपाल को ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत का दल नेता (शेफ डी मिशन) नियुक्त किया गया है।

Image

रोहित राजपाल (फोटो क्रेडिट ANI)

नई दिल्ली: डेविस कप कप्तान रोहित राजपाल को ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत का दल नेता (शेफ डी मिशन) नियुक्त किया गया है। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के सूत्रों ने यह जानकारी दी। रवि बेंगानी 23 जुलाई से दो अगस्त तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के उप दल नेता होंगे जबकि वंदना राव और राहुल स्वामी भारतीय दल के साथ जनरल टीम मैनेजर के रूप में यात्रा करेंगे। आईओए की अध्यक्ष पीटी उषा भी शीर्ष प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनकर ग्लासगो जाएंगी। इस प्रतिनिधिमंडल में आईओए के सीईओ रघुराम अय्यर और विग्नेश वेंगालिल उज्ज्वल भी शामिल हैं।

राजपाल आईओए की कार्यकारी समिति के सदस्य और अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के उपाध्यक्ष हैं। कई वर्षों तक भारत की डेविस कप टीम की कप्तानी करने के अलावा उन्होंने भारतीय खेल जगत में प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी निभाई हैं। इन नियुक्तियों से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि आईओए ने राजपाल की नियुक्ति को ’सुरक्षित और कारगर विकल्प’ के रूप में देखा। उन्होंने कहा,'रोहित के पास व्यापक प्रशासनिक अनुभव है और विभिन्न खेल महासंघों के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। आईओए के अधिकारियों का मानना है कि वह अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह से निभा सकते हैं।'

सूत्र ने कहा कि राजपाल की शांति के साथ काम करने की शैली और विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों और अधिकारियों से उनकी अच्छी जान-पहचान चयन प्रक्रिया के दौरान उनके पक्ष में काम आई। सूत्र ने कहा,'वह ऐसे व्यक्ति हैं जो खिलाड़ियों की जरूरतों और महासंघों की कार्यप्रणाली दोनों को समझते हैं। उनकी इस योग्यता को महत्वपूर्ण माना गया।' भारतीय प्रतिनिधिमंडल में अपने जमाने के कुछ दिग्गज खिलाड़ियों को विशेष अतिथि के रूप में शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों में मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम, पूर्व हॉकी कप्तान कमलप्रीत कौर, पूर्व एथलीट सुनैना कुमारी और पूर्व भारोत्तोलक राजलक्ष्मी सिंह देव शामिल हैं। ग्लासगो राष्ट्रमंडल में कम खेलों को शामिल किया गया है और इसलिए पूरी संभावना है कि भारत छोटा दल भेजेगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article